Friday, September 4, 2026

विधायक ठुकराल का आरोप, टिकट कटवाने की हो रही साजिश   

Share

Advertisement
भोंपूराम ख़बरी, रुद्रपुर।  दबंग छवि के रुद्रपुर के भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ठुकराल आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा का ही एक अन्य कद्दावर नेता लगातार उनके खिलाफ साजिश रच रहा है। यही नहीं ठुकराल का आरोप है कि उक्त भाजपा नेता आगामी विधानसभा चुनाव में उनका टिकट कटवाने का भी भरपूर प्रयास कर रहा है।
दरअसल कुछ दिनों पूर्व रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र में रहने वाले भाजपा नेता धर्म सिंह कोली ने विधायक राजकुमार ठुकराल पर खुद के साथ गाली-गलौज करने और विधायक पर भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए रुद्रपुर कोतवाली में धरना दिया था। इसके बाद रम्पुरा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
सत्तर सेकंड के इस वीडियो में विधायक यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि इस पूरे मामले के पीछे भी उसी भाजपा नेता का हाथ है जो रुद्रपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का सपना बीते 5 सालों से देख रहे हैं। यह नेता भाजपा संगठन में उच्च पद पर आसीन है। उन्होंने आरोप लगाया है कि वह दो कार्यकर्ताओं का झगड़ा निपटाने गए थे लेकिन समझौता न होते देख पुलिस चौकी से वापस लौट गए थे। इस दौरान भाजपा उत्तरी मंडल में अध्यक्ष राकेश सिंह भी उनके साथ थे। सिर्फ उक्त भाजपा नेता के कारण दो कार्यकर्ताओं का झगड़ा बड़ा हो गया और विधायक ठुकराल की छवि भी ख़राब करने की कोशिश की गयी।
ज्ञात हो कि विधायक के खिलाफ विरोध का झंडा बुलंद करने वाले इस भाजपा नेता के खिलाफ विधायक ने कुछ वर्ष पूर्व मोर्चा भी खोला था पर सत्ता-संगठन का बेहद विश्वास पात्र बने उक्त भाजपा नेता का विधायक द्वारा किए गए पुरजोर विरोध के बावजूद संगठन ने इस नेता का ही कद बढ़ा दिया। साफ़ है कि उक्त भाजपा नेता का संगठन व सरकार में गहरा प्रभाव है। यहाँ यह भी गौरतलब है कि विधायक ठुकराल सार्वजानिक रूप से कई बार कसम खा चुके हैं कि यदि नगर में नजूल भूमि का मामला हल नहीं हुआ तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।
अलबत्ता, सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान द्वारा विधानसभा चुनाव से पूर्व कराए गए सर्वे में भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल की सीट रुद्रपुर विधानसभा से लगातार तीसरी बार भी क्लियर दिखाई गई है।
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.