Wednesday, October 28, 2026

ठुकराल ने विधानसभा में संजय वन को पर्यटक स्थल बनाने की मांग की

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर।  विधानसभा मानसून सत्र के पांचवे और अंतिम दिन आज रूद्रपुर के विधायक राजकुमार ठुकराल ने सदन में नियम 300 के अंतर्गत जिला मुख्यालय रूद्रपुर में नैनीताल रोड स्थित संजय वन पार्क को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग रखी। इसके अलावा नियम 53 के अंतर्गत उन्होंने रुद्रपुर में यातायात नगर की स्थापना के लिए विकास प्राधिकरण को निःशुल्क 46 एकड़ भूमि उपलब्ध कराये जाने की मांग की।

नियम 300 के अंतर्गत दी गयी सूचना में विधायक ठुकराल ने कहा कि रुद्रपुर में नैनीताल हल्द्वानी रोड पर टांडा जंगल के पास स्थित संजय वन पार्क आम जनमानस के लिए आकर्षण का केन्द्र हैं। सैलानी इस रमणीय स्थल पर रुककर आनन्द लेना चाहते हैं परंतु संजय वन पार्क में कोई सुविधा और इसका सौंदर्यीकरण नहीं होने से सैलानी निराश होकर वापस लौट जाते हैं। विधायक ने कहा कि संजय वन पर्यटन के दृष्टिकोण से आमदनी का जरिया बन सकता है और तमाम लोगों के लिए रोजगार का माध्यम भी बन सकता है। संजय वन की ओर किसी का ध्यान नहीं गया और यह पार्क अभावों व उपेक्षा का शिकार बनकर रह गया है।

वहीं नियम 53 में विधायक ठुकराल ने कहा कि रूद्रपुर में यातायात नगर न होने के कारण संपूर्ण नगर में जगह जगह ट्रक व ट्राले तथा अन्य भारी वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े रहते हैं। इस कारण शहर में आये दिन जाम लगा रहता है जिससे नगर का व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पार्किंग स्थल न होने के कारण यातायात व्यवस्था छिन्न भिन्न हो गयी है। प्रत्येक मुख्य मार्गों व गलियों में वाहनों के अनियमित खड़े होने से दुर्घटनायें हो रही हैं। विधायक ने याताया नगर के लिए आदित्य नाथ झा राजकीय इंटर कालेज की प्रस्तावित 46 एकड़ भूमि उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण को निःशुल्क प्रदान करने की स्वीकृति देने की मांग की।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.