Friday, September 4, 2026

भाजपा ने युवाओं और किसानों को छला : भुवन कापड़ी 

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर।  कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद के मुख्यालय पहुंचे भुवन कापड़ी ने प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। प्रदेश सरकार पर युवाओं और किसानों के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए कापड़ी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी बहुमत से सरकार बनायेगी।

बृहस्पतिवार को गावा राइस मिल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचेने पर कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कापड़ी का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कापड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार ने बीते लगभग पांच सालों में प्रदेश को तीन मुख्यमंत्री देने के अलावा कुछ नहीं किया। इसमें जनता की गाढ़ी कमाई के टैक्स से सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च कर प्रचार-प्रसार किया गया। अपने चुनावी घोषणा पत्र के विपरीत न ही युवाओं को रोजगार दिया गया और न ही किसानों के ऋण माफ़ किये गए। प्रदेश में इक्कीस किसान आत्महत्या कर चुके हैं लेकिन सरकार को कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश का कर्मचारी वर्ग जैसे पुलिसकर्मी, बिजलीकर्मी, आशा कार्यकत्रियां, रोडवेजकर्मी सभी हड़ताल पर हैं। उपनल, आउटसोर्स व अतिथि शिक्षक के रूप में भर्ती युवाओं को स्थायी नहीं किया गया। वन विभाग का भर्ती घोटाला किसी से छुपा नहीं है।

कापड़ी ने कहा कि रोजाना बढ़ती महंगाई, खाद्य व पेट्रो पदार्थों के बढ़ते मूल्य से आम जनता का जीना दूभर हो चला है लेकिन भाजपा के मंत्री व विधायक अपनी ही सुख-सुविधाओं के इंतजाम में लगे हैं। प्रदेश में युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं रह गया है। कांग्रेस सरकार द्वारा हजारों की संख्या में लगवाए गए उद्योग प्रदेश से पलायन कर रहे हैं और प्रशिक्षित युवा भी बेरोजगार हो चले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की इन्हीं असफलताओं से आजिज आ चुकी जनता इन्हें सत्ता से बाहर करेगी और कांग्रेस को 2022 के चुनाव के राज्य की बागडोर सौंपेगी। उन्होंने कहा कि उधम सिंह नगर में भाजपा एक सीट भी ले आये तो चमत्कार होगा। इस दौरान कांग्रेस नेता सीपी शर्मा, योगेश चौहान, विपिन अग्रवाल, निरंजन आदि तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे।

कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि खटीमा सीमान्त क्षेत्र होने के कारण संवेदनशील विधानसभा है। लेकिन साढ़े नौ साल विधायक रहते हुए नवनियुक्त मुख्यमंत्री ने यहाँ के विकास के लिए कुछ नहीं किया। अब पांच महीने में मुख्यमंत्री बनकर वह खटीमा के लिए कुछ अवश्य करें। धामी अब खटीमा को जिला घोषित करें और यहाँ एम्स और सिडकुल की स्थापना करा वह अपनी युवा शक्ति व सोच का परिचय दें अन्यथा उनके विधायक काल में तो जनता को निराशा ही हाथ लगी है।

भुवन कापड़ी ने कहा कि आज जनता आशा भरी निगाहों से कांग्रेस को और देख रही है। लेकिन देश के कुछ बड़े मीडिया हाउसेस के भाजपा का पक्षधर होने के चलते देश की असल हालत जनता तक नहीं पहुँच रही। ऐसे में पार्टी बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को मजबूत कर घर-घर पहुँच केंद्र व राज्य सरकार की नाकामियों का प्रसार करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही युवाओं को अवसर देने वाली असल पार्टी है। भाजपा द्वारा मात्र धामी को युवा मुख्यमंत्री बनाए जाने से कुछ नहीं होने वाला। जनता काम के आधार पर ही अपने विधायक चुनती है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.