भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर/गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अवैध वसूली और रंगदारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सरोवरनगर निवासी फईम अहमद ने कोतवाली गदरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जून 2026 को उसका भाई वरीस अहमद रुद्रपुर से घर लौट रहा था। इसी दौरान मसीत गांव जाने वाली सड़क पर विकास सागर अपने साथियों अमित सागर, प्रदीप दिवाकर और गोलू कोटिया के साथ कार में पहुंचा और उसे जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने बल प्रयोग कर उसका ओप्पो मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विकास सागर शिकायतकर्ता के भाई से पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई का भय दिखाकर प्रतिमाह करीब 35 हजार रुपये की अवैध वसूली करता था। मोबाइल फोन में उसके खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद होने के कारण उसे लूट लिया गया था।
मामले में कोतवाली गदरपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को डिवाइन सिटी कॉलोनी, छतरपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर विकास सागर, अमित सागर और प्रदीप दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार करते हुए उनकी निशानदेही पर गुलरभोज फ्लाईओवर के पास झाड़ियों से लूटा गया OPPO A-78 मोबाइल बरामद कराया। आरोपियों ने मोबाइल का सिम तोड़कर और फोन को फॉर्मेट कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलैनो कार संख्या UK06BH8088 भी कब्जे में ले ली।
उक्त प्रकरण के संबंध में कोतवाली गदरपुर में मु0अ0सं0 147/2026 140(3), 62, 352, 351(3), 308(2), 309 (4), 3(5), 317 (2) बीएनएस पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। वहीं मामले का चौथा आरोपी गोलू कोटिया अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, रंगदारी और गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन और वाहन चालकों को भय दिखाकर धन उगाही करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




