भोंपूराम खबरी, इंटरनेशनल डेस्क, लंदन। यौन अपराधों के लिए कुख्यात भारतीय मूल के ब्रिटिश डॉक्टर मनीष शाह को चार साल की अवधि में 28 महिलाओं के यौन उत्पीड़न के मामले में दोषी पाए जाने पर पहले मिल चुकी तीन आजीवन कारावास सजाओं के अलावा ब्रिटेन की एक आपराधिक अदालत ने दो और आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

53 वर्षीय मनीष शाह को पूर्वी लंदन में उनके क्लीनिक में चार महिलाओं के खिलाफ 25 यौन हमलों के मुकदमे में दोषी पाए जाने के बाद सोमवार को दो आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। कुल 90 अपराधों के जुर्म में वह पहले ही, तीन आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।

शाह को अब 15 से 34 साल आयु वर्ग की 28 महिलाओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न के 115 अपराधों का दोषी ठहराया गया है। मुकदमे में कहा गया कि शाह ने 2009 से चार वर्षों के दौरान अपनी यौन संतुष्टि के लिए महिला रोगियों को अनावश्यक अंतरंग जांच से गुजरने के लिए राजी करने के लिए मशहूर हस्तियों के हाई प्रोफाइल मामलों का इस्तेमाल किया। ब्रिटिश समाचार सेवा ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कारपोरेशन की रिपोर्ट के अनुसार सेंट्रल क्रिमिनल कोर्ट में सजा सुनाते हुए न्यायाधीश पीटर रूक ने कहा कि आरोपी डॉक्टर महिलाओं के लिए खतरा बना रहा और पीड़ितों को दीर्घकालिक मनोवैज्ञानिक नुकसान हुआ।




