भोंपूराम खबरी। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत उत्तराखंड के जागेश्वर धाम और आदि कैलाश के मास्टर प्लान की डीपीआर तैयार कर ली गई है। जल्द ही दोनों धार्मिक स्थलों का कायाकल्प शुरू हो जाएगा।
बुधवार को कसंल्टेंसी कंपनी ने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को प्रजेंटेशन दिया। उन्होंने इसके माध्यम से मास्टर प्लान के तहत अवस्थापना विकास योजना की जानकारी दी। कंसल्टेंसी ने कमिश्नर को बताया कि जागेश्वर और आदि कैलाश के मास्टर प्लान की 162 करोड़ की डीपीआर तैयार कर ली गई है। बताया कि इस योजना के तहत मंदिरों के स्वरूप से किसी तरह की कोई छेड़छाड़ नहीं होगी। आसपास में तमाम सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
जागेश्वर में ये होंगे निर्माण
मास्टर प्लान के तहत मंदिर परिसर से एक से दो किमी के दायरे में पार्किंग सुविधा, अप्रोच रोड, पेयजल, बिजली, शौचालय, कम्युनिटी हॉल, प्रसाद और भंडारा गृह निर्माण सहित अन्य कार्य किए जाएंगे।
आरतोला में बनेगा भव्य जंक्शन
मास्टर प्लान के तहत आरतोला में भव्य जंक्शन तैयार किया जाना है। उस जंक्शन से जागेश्वर तक श्रद्धालुओं को नव निर्मित ईवी वैन से लाया जाएगा। आरतोला में विशालकाय कार पार्किंग का निर्माण भी मास्टर प्लान में शामिल है।
जागेश्वर मंदिर समिति के सुझाव भी जुड़े
पिछले साल प्रशासन ने मास्टर प्लान को लेकर जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति से भी सुझाव मांगे थे। जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से दिए गए जनहित से जुड़े अधिकांश सुझावों को डीपीआर में शामिल किया गया है।




