Friday, September 4, 2026

ई रिक्शा और बाइक की जोरदार भिड़ंत, 13 घायल

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नवीन मंडी के पास एनएच 74 सर्विस लाइन पर क्रॉस कर रहे एक टुकटुक एवं मोटरसाइकिल की आपस में हुई भिड़ंत में 13 लोग घायल हो गए। इस हादसे में 6 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि चार लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरगढ़ से 11 महिलाओं को टुकटुक में भरकर चालक किच्छा स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी के लिए ला रहा था। किच्छा स्थित नवीन मंडी के पास सर्विस लाइन पर स्थित क्रॉस के पास दूसरी दिशा से क्रॉस कर रहे मोटरसाइकिल से टुकटुक की भिड़ंत हो गई, जिससे मोटरसाइकिल एवं टुकटुक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गए। टुकटुक के पलटने से उसमें सवार सभी सवारियां नीचे दब गईं तथा मोटरसाइकिल चालक एवं मोटरसाइकिल में सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।सड़क दुर्घटना की सूचना पर आसपास के लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया और घायलों को टुकटुक से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से किच्छा स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में गंभीर घायलों का उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के रिश्तेदार और परिचित भी अस्पताल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शेरगढ़ से आ रहा टुकटुक सर्विस लाइन पर जा रहा था, इसी दौरान किच्छा से नवीन मंडी को जा रहे मोटरसाइकिल चालक एवं उसमें सवार महिला ने सब्जी मंडी को जाने वाले रास्ते को क्रॉस करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज गति से आ रहे दोनों वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए और पलट गए, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।गंभीर रूप से घायलों में नन्ही पत्नी कल्लू 45 वर्ष, शिवानी पुत्री कल्लू, शिवानी पुत्री महेंद्र 18 वर्ष, आशा पत्नी उदय सैन निवासी शेरगढ़, अंश पुत्र चरण और संतोष पत्नी चरण निवासी उत्तरांचल कॉलोनी किच्छा को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं शेरगढ़ निवासिनी बाल्मीकि पुत्री जयराम, लक्ष्मी पुत्री सूरजपाल, निशा पुत्री सूरजपाल, सन्नो पुत्री बुध सिंह और कीर्ति पुत्री बुद्धसेन का स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया जा रहा है। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही उप निरीक्षक जगदीश मेहरा, कांस्टेबल दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल कुलदीप, कांस्टेबल हरेंद्र और दरऊ चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पवन जोशी ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया तथा अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.