Saturday, September 5, 2026

यहां चार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 3 युवकों की मौत, 6 घायल

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। हरिद्वार जिले के रुड़की में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर तीन परिवारों पर भारी पड़ गया। पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, राहगीरों ने संभाला मोर्चा

जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार 21 अगस्त की देर रात पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि चार मोटरसाइकिलें मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान चारों बाइकें आमने-सामने टकरा गई। तेज रफ्तार में हुई भिड़ंत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद सभी बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर घायल युवक दर्द से कराहते रहे।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

108 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए एम्स अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।

तीन घरों में पसरा मातम

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान अयान (18) पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर, राजू (24) पुत्र कदम सिंह और राजीव (18) पुत्र मोल्हड़ सिंह निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर के रूप में हुई

है।

हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिजनों तक पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया। जिन घरों में युवकों के लौटने का इंतजार था, वहां अचानक मातम छा गया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस हादसे में घायल आदित्य चंद्रा (25) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें एम्स के लिए रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी में चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है।

हालांकि हादसा आखिर किस वजह से हुआ, क्या किसी बाइक की रफ्तार अधिक थी या फिर किसी अन्य कारण से वाहन अनियंत्रित हुए—इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी की लापरवाही या तेज रफ्तार की भूमिका थी या नहीं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल तीन युवकों की मौत और छह लोगों के घायल होने से रुड़की क्षेत्र में शोक का माहौल है

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.