Saturday, September 5, 2026

मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, गजनी में बने थे मेन विलेन, छावा में निभाया अहम किरदार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी. बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘गजनी’ और ‘लगान’ जैसी फिल्मों में अपने शानदार अभिनय के लिए मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का निधन हो गया। 74 वर्षीय प्रदीप रावत ब्लड कैंसर से पीड़ित थे। इलाज के दौरान मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में मंगलवार शाम निधन हो गया। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है।

ब्लड कैंसर से थे पीड़ित

बताया जा रहा है कि अभिनेता पिछले पांच साल से ब्लड कैंसर से जुझ रहे थे। इलाज के बाद उनकी तबीयत कुछ समय के लिए ठीक हो गई थी, लेकिन कुछ महीने पहले कैंसर फिर लौट आया। पिछले दो महीने से वह अस्पताल में भर्ती थे और मंगलवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार कल यानी बुधवार को किया जा सकता है।

अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “प्रदीप रावत भाई, आपकी कमी हमेशा महसूस होगी।” टीवी अभिनेता आयुषपाल शर्मा ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी और ‘गजनी’ के गजनी और ‘लगान’ के देवा के रूप में याद किया।

महाभारत में अश्वत्थामा की भूमिका में थे

प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के मशहूर टीवी धारावाहिक महाभारत में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर की थी। इसके अलावा प्रदीप रावत दूरदर्शन के शो तहकीकात, चंद्रकांता, युग और गुल सनोबर में भी नजर आए थे। उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय छाप छोड़ी। हिंदी सिनेमा में वे लगान, सरफरोश, गजनी, बैजू बावरा, आवारापन और ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों में नजर आए।

प्रदीप रावत की आखिरी हिंदी फिल्म थी छावा

दक्षिण भारतीय सिनेमा में उन्होंने तेलुगु फिल्म सई से कदम रखा और कई यादगार खलनायक की भूमिकाएं निभाईं। तमिल फिल्म गजनी (2005) में उनके निभाए गए किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। बाद में उन्होंने इसी भूमिका को हिंदी रीमेक गजनी में भी निभाया। इसके अलावा वे कन्नड़ फिल्म पैरोडी, मलयालम फिल्म चाइना टाउन, बंगाली फिल्म हीरो 420 और भोजपुरी फिल्म क्रैक फाइटर में भी नजर आए। प्रदीप रावत की आखिरी हिंदी फिल्म छावा थी, जो 14 फरवरी 2025 को रिलीज हुई थी।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.