Saturday, September 5, 2026

यहां 40 हजार रिश्वत लेते उरेडा के परियोजना अधिकारी रंगे हाथों गिरफ्तार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में सतर्कता अधिष्ठान (Vigilance) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (UREDA) के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोलर प्लांटों से संबंधित लंबित फाइलों के निस्तारण के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है

इस कार्रवाई के बाद उरेडा कार्यालय में हड़कंप मच गया है और विजिलेंस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि बागेश्वर स्थित उरेडा कार्यालय में सोलर प्लांटों की JIR (Joint Inspection Report) से जुड़ी कई फाइलें लंबे समय से लंबित थीं। इन्हें आगे बढ़ाने के लिए परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल प्रत्येक फाइल पर 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।

शिकायतकर्ता की कुल चार फाइलें लंबित थीं, जिनके निस्तारण के लिए अधिकारी ने 40 हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायत के बाद विजिलेंस ने बिछाया जाल

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय सतर्कता अधिष्ठान पहुंचा और पूरी जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।

24 जुलाई को विजिलेंस की टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी धीरेंद्र सिंह पटवाल, पुत्र उदय सिंह पटवाल, मूल निवासी रामनगर (जनपद नैनीताल) हैं। वह वर्तमान में उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (UREDA), बागेश्वर में परियोजना अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

विजिलेंस अब आरोपी की संपत्ति, कार्यप्रणाली और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

विजिलेंस ने जनता से की अपील

सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक वी. मुरुगेशन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तुरंत करें ।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.