भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर में 993 रुपये एवं 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर में 261 रुपये की भारी बढ़ोतरी के विरोध में आज रुद्रपुर में कांग्रेस पार्षदों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडरों को उठाकर जोरदार प्रदर्शन किया व केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए सिलेंडरों के दामों को वापिस लेने की मांग की।
काशीपुर बायपास स्थित इंडियन गैस एजेंसी के सामने एकत्रित हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाली बजाकर व गैस सिलेंडर को अपने हाथ में लेकर जोरदार तरीके से विरोध जताया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में हुई भारी वृद्धि का सीधा असर छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा। चाट, चाय, टिक्की, भोजनालय, होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को इसका सबसे अधिक नुकसान होगा, जिससे उनकी लागत बढ़ेगी और अंततः इसका बोझ आम जनता पर पड़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी पहले ही परेशान है, ऐसे में गैस सिलेंडर के दामों में यह वृद्धि लोगों की कमर तोड़ने का काम करेगी। उन्होंने सरकार से तत्काल बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस पार्टी द्वारा बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहनखेड़ा, संजय जुनेजा, मोनिका ढाली,गौरव खुराना, इंद्रजीत सिंह, दिनेश पंत,सौरव राज बेहड़, सुहेल खान,जितेश शर्मा, राकेश अधिकारी, सौरभ शर्मा, राकेश कोली, उमर अली, विकास विश्वास, अमनप्रीत सिंह, सागर छाबड़ा, बाबू अहमद खान,आशित बाला अशोक राय, अर्जुन विश्वास, अनंत विश्नोई, दिलशाद अहमद, विक्रमजीत सिंह, निशांत शाही आदि सहित अनेको कांग्रेसी मौजूद थे




