भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। खुद को एक न्यूज चौनल का संपादक बताने वाले व्यक्ति द्वारा प्रॉपर्टी डीलर को डराने-धमकाने और अवैध वसूली की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पीड़ित ने आरोपी द्वारा दी गई धमकियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के रूप में न्यायालय को सौंपी है। मामले के अनुसार, रॉयल रेजीडेंसी बिगवाड़ा निवासी चंद्रशेखर पाण्डेय एक निजी फैक्ट्री में नौकरी करने के साथ ही पार्ट टाइम प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता है। चंद्रशेखर का आरोप है कि जून 2025 में वार्ड नंबर-1 कृष्णा कॉलोनी निवासी विनोद, जो स्वयं को सोशल मीडिया न्यूज चौनल का पत्रकार और संपादक बताता है, उनसे प्रॉपर्टी खरीदने के बहाने मिला। आरोप है कि इसके कुछ समय बाद ही विनोद उनके प्रॉपर्टी डीलिंग के कार्य में बिना वजह दखलअंदाजी करने लगा। जब चंद्रशेखर ने उसे ऐसा करने से रोका, तो आरोपी ने अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित ने न्यायालय को बताया कि आरोपी विनोद ने 24 सितंबर और 21 अक्टूबर 2025 को फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और जबरन रकम वसूली का प्रयास किया। इन धमकियों की रिकॉर्डिंग पीड़ित के फोन में सुरक्षित है, जिसे पेनड्राइव और लिखत प्रारूप के साथ अदालत में पेश किया गया है। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस चौकी रम्पुरा, थाना रूद्रपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी की थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई। अंततः न्याय की गुहार लेकर पीड़ित को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रूद्रपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने के आदेश दिए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




