भोंपूराम खबरी। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया । मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची 70 वर्षीय महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई । इस घटना के बाद इलाके में दहशत का
माहौल है । वहीं, झगड़े में दामाद भी गंभीर रूप से घायल हो गया है ।
पति – पत्नी के विवाद ने लिया हिंसक रूप मिली जानकारी के अनुसार दिनेशपुर निवासी सोनू और उसकी पत्नी सुरभि के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया । विवाद बढ़ने पर सुरभि ने अपने मायके पक्ष को सूचना दी । थोड़ी ही देर में सुरभि के परिजन सोनू के घर पहुंच गए। शुरुआत में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई ।
बीच-बचाव में आई बुजुर्ग महिला पर हमला
मारपीट के दौरान सोनू की 70 वर्षीय मां संध्या बीच-बचाव करने पहुंची । आरोप है कि इसी दौरान सुरभि के भाइयों ने उनके साथ मारपीट की । गंभीर चोट लगने से संध्या अचेत हो गईं । परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
इस झगड़े में दामाद के भी गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया ।
बुधवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी डीआर वर्मा फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए । पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है । मामले की गहन जांच जारी है ।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद दिनेशपुर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं । पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी




