भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। नगर में सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज से नगर कीर्तन प्रारंभ किया गया जो शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरा। नगर कीर्तन का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। वहीं शहर के कई स्थानों पर लंगर भी वितरित किया गया।
इस दौरान नगर का माहौल भक्तिमय हो गया और सम्पूर्ण क्षेत्र “मिटी धुंध जग चानन होया कल तारण गुरु नानक आया” और “अव्वल अल्लाह नूर उपाया कुदरत के सब बंदे” जैसे शब्द कीर्तन से गुंजायमान हो उठा। दोपहर को नगर कीर्तन प्रारंभ हुआ। जिसमें सबसे आगे पांच घुड़सवार, पंज प्यारे, नगाड़ा टीम, विभिन्न कॉलोनी से आई प्रभात फेरियां और रागी जत्थे शामिल थे। साथ ही नगर कीर्तन में बहुत खूबसूरत ढंग से पालकी साहब को भी सजा रखा था। जिसके आगे सेवादार सफाई करते हुए चल रहे थे। वहीं शहीद बाबा दीप सिंह गतका अखाड़ा के 40 जवान गतका के हैरतअंगेज कारनामे दिखा रहे थे, जिसका नेतृत्व बलजीत सिंह और गुरविंदर सिंह कर रहे थे। रंजीत अखाड़ा के भी 40 जवान अपने करतब दिखा रहे थे, जिसका नेतृत्व सुरेंद्र सिंह और कर्ण खालसा कर रहे थे। भगत सिंह चौक पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से पुष्प वर्षा की गई। शहर में जगह-जगह लंगर का इंतजाम किया गया। इस दौरान श्री गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान जसपाल भट्टी, मनजीत सिंह मक्कड़, सतनाम सिंह, बलविंदर सिंह, हैप्पी सिंह ,हरजीत सिंह, गुरमुख सिंह, अनूप सिंह, अपार सिंह समेत तमाम श्रद्धालु मौजूद थे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल मौजूद था।




