भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। वाहन चेकिंग के दौरान आदर्श कालोनी चौकी प्रभारी पर लगे सिख समाज के धार्मिक भावनाओं का अपमान करने के आरोप के बाद पर्वतीय समाज दारोगा के पक्ष में आ गया। उन्होंने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही कहा कि प्रसारित वीडियो में उत्तराखंड पुलिस की और से धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं किया गया है।
पर्वतीय समाज के लोगों ने मंगलवार को एसएसपी कैंप कार्यालय में एसएसपी मणिकांत मिश्रा से मुलाकात की। कहा कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पता चला है कि पुलिस की नियमित जांच के दौरान एक सिख युवक और उसके साथी को एसआइ संदीप पिलख्वाल ने रोका। जब बाइक सवार नहीं रुका तो पुलिस ने कुछ सख्ती की, जो कानून और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक है। प्रसारित वीडियो में साफ दिख रहा है कि उत्तराखंड पुलिस की ओर से कहीं से भी सिख समाज और उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं किया गया है। उन्होंने मामले की बिना राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष जांच की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में कमलेंद्र सेमवाल, जीएस पटवाल, कुंवर सिंह नेगी, बबलू भट्ट, दिनेश, केके मिश्रा, धीरज गोस्वामी, एलडी जोशी, शैलेश ध्यानी, भूपाल सिंह रावत, अनिल खत्री, राकेश चंद्र, हयात सिंह बिष्ट आदि थे।
Share
Read more




