Saturday, September 5, 2026

सड़क दुर्घटना में एसएसबी जवान और पत्नी की मौत, एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। बिहार के बेगूसराय जिले में एक दर्दनाक दुर्घटना में एसएसबी जवान सोनू कुमार एवं उनकी पत्नी मौसम की मौत हो गई। यह घटना उस वक़्त हुई जब सोनू अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल बहादुर नगर जा रहे थे।

रास्ते में वे मोटरसाइकिल में हवा भराने के लिए रुके थे, तभी एक ट्रैक्टर ट्रॉली, बोलेरो एवं ट्रक के बीच हुई टक्कर में ट्रक पलटकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

शुक्रवार देर शाम पति-पत्नी की अंत्येष्टि की गई, जहां एसएसबी के सहायक उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह के नेतृत्व में शोक सलामी दी गई। जैसे ही सोनू और मौसम का शव गांव पहुंचा, पूरा माहौल शोक में डूब गया। सोनू ने 2021 में नौकरी हासिल की थी तथा 2023 में प्रेम विवाह किया था। ससुराल के लोग उनके आने को लेकर उत्साहित थे, किन्तु किसी को यह अंदाजा नहीं था कि उन्हें इस प्रकार की दुखद खबर मिलेगी। सोनू अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे।

इस घटना के पश्चात् उनके माता-पिता, कंचन देवी और चंद्रशेखर सिंह, समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मौसम चार महीने की गर्भवती थीं, जिससे इस दुर्घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक जवान एवं उनकी पत्नी की शव यात्रा पूरे सम्मान के साथ निकाली गई तथा लाल दरवाजा गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। रास्ते भर “सोनू अमर रहे” और “भारत माता की जय” के नारे लगाए गए। एक ही चिता पर दंपती का अंतिम संस्कार हुआ, तथा इस दृश्य ने सभी की आंखों को नम कर दिया।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.