भोंपूराम खबरी। तमिलनाडु के त्रिची में एक निजी मेडिकल कॉलेज के पांच छात्र समुद्र में डूब गए और उनकी मौत हो गई। सभी छात्र एक शादी में शामिल होने के लिए नागरकोइल गए थे। सोमवार सुबह राजक्कमंगलम लेमुर समुद्र तट के पास सभी छात्र गए थे।
सभी मृतकों के शव बरामद
पुलिस के अनुसार सभी पांच मृतक (दो महिलाएं और तीन पुरुष) त्रिची एसआरएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल और रिसर्च सेंटर के अंतिम वर्ष के छात्र थे। पीड़ितों में से एक आंध्र प्रदेश से था और अन्य चार तमिलनाडु से थे। सभी मृतक छात्रों की उम्र 23-24 वर्ष की थी। पुलिस ने कहा कि सभी छात्रों के शव बरामद कर लिए गये हैं।
पुलिस के मुताबिक कन्याकुमारी में सूर्योदय देखने के बाद करीब 12 मेडिकल छात्र सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे राजक्कमंगलम लेमुर बीच पर गए। एक अधिकारी ने
कहा, “वहां ऊंची लहरें थीं और वहां तैनात एक सुरक्षा कर्मचारी ने उन्हें चेतावनी दी थी। जब वे पानी के करीब थे, समुद्र का आनंद ले रहे थे, एक तेज़ लहर ने उन्हें टक्कर मार दी और सात लोगों को खींच लिया। दो को तो जल्द ही बचा लिया गया, लेकिन पांच छात्रों की डूबने से जान चली गई। बचाए गए लोगों में से एक की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।”
स्थानीय सूत्रों ने दावा किया कि सभी समुद्र में तैर रहे थे जब वे एक ऊंची लहर की चपेट में आ गए। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि अभी तक नहीं की है। समुद्र में ऊंची लहरों के कारण रविवार को कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, रामनाथपुरम और तूतीकोरिन सहित दक्षिण भारत के कई तटीय क्षेत्रों के लिए हाई अलर्ट जारी चुनाव गया। मछुआरों को तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में 0.5 मीटर से 1.8 मीटर तक ऊंची लहरों और उबड़-खाबड़ समुद्र के कारण सतर्क रहने और मछली पकड़ने से परहेज करने की सलाह दी गई है।




