भोंपूराम खबरी,उत्तराखंड। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शनिवार को दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय तय किया गया था. राज्य की पांच लोकसभा सीटों में से एक अल्मोडा से निर्दलीय उम्मीदवार अर्जुन कुमार देव ने अपना नामांकन वापस ले लिया है.
उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन की सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. शनिवार को नामांकन वापसी के बाद अब कुल 55 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. उन्होंने कहा कि अब राज्य की पांच लोकसभा सीटों पर कुल 55 उम्मीदवार मैदान में हैं. जिसमें टिहरी सीट पर 11, पौडी गढ़वाल पर 13, अल्मोडा पर सात, नैनीताल पर 10 और हरिद्वार पर 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे.
आपको बता दें कि इस बार 83 लाख 37 हजार 914 मतदाता इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. चुनाव में 93 हजार 187 सर्विस वोटर हैं. 18 से 19 साल के 1 लाख 48 हजार 90 वोटर ऐसे हैं जो पहली बार ईवीएम का बटन दबाएंगे. 85 वर्ष से अधिक उम्र के 65 हजार 160 मतदाता और 80 हजार 335 दिव्यांग मतदाता हैं.




