भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी मोहन खेड़ा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार शाम ट्रांजिट कैम्प मुखर्जी नगर और रविवार सुबह वार्ड नं- दो ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र के कृष्णा कालोनी, राजा कालोनी में घर घर जाकर लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की और लोगों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मेयर प्रत्याशी मोहन खेड़ा और पार्षद प्रत्याशी संजीव राठौर का वार्डवासियों ने जोरदार स्वागत किया।
चुनाव प्रचार के दौरान मोहन खेड़ा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने मलिन बस्तियों की पूरे पांच साल अनदेखी की अब मलिन बस्तियों में बेशर्मी से वोट मांगने के लिए आ रहे हैं। उन्होनें कहा कि मलिन बस्तियों में आज सड़कें खस्ताहाल हैं, नालियों का बुरा हाल है, सफाई की व्यवस्था बदहाल है। मेयर ने सिर्फ अपने चहेतों का विकास किया है। मलिन बस्तियों में जो काम होने थे उनकी वजाय अपने चहेते कालोनाईजरों की कालोनियों में सड़कें बनायी गयी। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में पूरे दस साल से नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। मेयर और भाजपा के नेताओं ने सिर्फ अपने चहेते ठेकेदारों का भला किया। विकास के पैसे की बंदरबाट की। अब समय आ गया है कि नगर की जनता को मौका परस्त भाजपा नेताओं को सबक सिखाना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता लूट खसोट मचाने के लिए विपक्ष को ही खत्म करना चाहती है। कांग्रेस के नेताओं को डरा धमकाकर अपनी पार्टी में शामिल किया जा रहा है। भाजपा में लोकतंत्र की हत्या का खेल उपर से नीचे तक चल रहा है, भाजपा के कार्यकर्ताओं को बकायदा इसके लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है कि लूटो और राज करो।
मेयर प्रत्याशी ने कहा कि रूद्रपुर महानगर बने हुए दस साल बीत चुके हैं। यहां अभी तक मूलभूत जरूरतों का अभाव है। दस साल में सड़कें चौड़ी नहीं हो पायी, जिसका खामियाजा जाम के रूप में भुगतना पड़ रहा हैं। गरीबों को उजाड़ने वाली भाजपा सिर्फ अमीरों की हितैषी है।कभी जी-20 के नाम पर तो कभी अतिक्रमण के नाम पर गरीबों को उजाड़कर भाजपा ने गरीबों की रोजी रोटी छीनने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा से अब जनता का मोह भंग हो चुका है। इस बार शहर में परिवर्तन की लहर चल रही है। जनता भाजपा को उसकी गलत नीतियों का करारा जवाब देगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि भाजपा के दो मेयर जनता देख चुकी है। दोनों मेयर ों ने जनता को निराश किया है, अब जनता भाजपा के जनप्रतिनिधियों से ऊब चुकी है, इस बार शहर की जनता परिवर्तन करेगी और नगर निगम में कांग्रेस का परचम लहरायेगा। उन्होंने वार्डवासियों से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में भारी मतदान की अपील की।




