भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। परिवहन निगम की पुरानी बसों में लगातार खराबी आने से इनके संचालन में दिक्कत आ रही है। वर्तमान में डिपो की तीन बस खराब पड़ी हैं। डिपो के पास अपनी 32 बसें हैं। बसों की कमी के चलते 47 बसें अनुबंध पर चलाई जा रही हैं। डिपो की कार्यशाला से मिली जानकारी के अनुसार निगम की 32 बसों में से पांच बस दस लाख किमी से अधिक चल चुकी हैं।
मैदानी क्षेत्र में 10 लाख किमी चलने के बाद बसों को कंडम घोषित कर दिया जाता है। पांच बस नौ लाख किमी से अधिक चल चुकी हैं। यह बसें समय सीमा पूरी करने के कगार पर हैं। शेष बस सात-आठ लाख किमी चल चुकी हैं।
डिपो को 2019-20 से नई बस नहीं मिली हैं। पुरानी बसों के सहारे संचालित हो रही डिपो की यात्री परिवहन सेवा में व्यवधान आ रहा है।
पिछले दो दिन से डिपो की कार्यशाला में तीन खराब बस खड़ी हैं।
कार्यशाला के प्रभारी फोरमैन बलाई चंद्र मजूमदार ने बताया कि एक बस का पंप खराब हो गया था। नया पंप लगाया जा रहा है। बस बुधवार से सड़क पर चलने लायक हो
जाएगी। एक बस के इंजन में खराबी आई है। एक बस की वायरिंग में खराबी है। सामान मंगाया गया है।
वही मंडलीय प्रबंधक संचालन पूजा जोशी ने बताया कि निगम ने नई बसों की खरीद की है। नई बसों का आवंटन होना है। रुद्रपुर डिपो को जल्द ही नई बस आवंटित होने की उम्मीद है।




