Saturday, September 5, 2026

रीठा साहिब गुरुद्वारा जा रहे श्रद्धालुओं पर बाराती हुए हमलावर, तीर्थयात्री हुए घायल

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी।रीठा साहिब/चम्पावत। सिखों के प्रसिद्ध तीर्थ गुरु‌द्वारा श्री रीठा साहिब जा रहे कुछ श्रद्धालुओं पर रास्ते में बारातियों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मामूली सी कहासुनी के बाद श्रद्धालुओं पर बाराती हमलावर हो गए और उनकी जमकर पिटाई कर दी। दो श्रद्धालुओं को तो बाइक समेत सड़क से नीचे फेंक दिया। घटना गुरौली के आसपास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात धूनाघाट-रीठा साहिब रोड पर गुरौली के समीप वहां से गुजर रही एक बारात में शामिल बारातियों ने जमकर हुड़दंग मचाया। आरोप है कि उन्होंने रीठा साहिब जा रहे श्रद्धालुओं के वाहनों पर हमला किया। इस बीच कुछ श्रद्धालुओं की बारातियों से कहासुनी हो गई। इसके बाद बाराती हमलावर हो गए और उन्होंने सिख तीर्थ यात्रियों के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने एक बाइक को उसमें सवार दो श्रद्धालुओं के साथ सड़क के नीचे धकेल दिया। जिससे प्रिंस कंबोज व आकाश कंबोज नाम के युवक गंभीर रूप से चोटिल हो गए। यह भी आरोप है कि पिटाई करने वाले बाराती नशे में धूत थे। मारपीट करने वाले बारातियों को कुछ बाराती समझा भी रहे थे, लेकिन इसका उन पर कोई असर नहीं हुआ। श्रद्धालुओं ने किसी तरह मौके से भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी नंबर पर फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार पिटाई से 6 श्रद्धालु जख्मी हो गए हैं। सभी घायलों को लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाया गया। जबकि बुरी तरह चोटिल दो श्रद्धालुओं को हायर सेंटर रेफर किया गया है। लोहाघाट अस्पताल में घायलों का उपचार कर रहे डॉ. करन ने बताया कि आकाश कुमार (20) पुत्र श्याम चंद्र और प्रिंस (17) पुत्र ओमपकाश दोनों निवासी बकोनियां गदरपुर को प्राथमिक इलाज के बाद चम्पावत जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वारदात के बाद गुरु‌द्वारा के प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए हमलावरों पर कार्रवाई के साथ सुरक्षा देने की मांग की। वहीं प्रभारी पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह राणा का कहना है कि पिटाई की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई। श्रद्धालुओं पर हमला करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। हमले की वजह का पता लगाया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.