भोंपूराम खबरी। इन दिनों हरिद्वार क्षेत्र में एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग जबरन एक युवक का सिर मुंडवा रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि एक युवती उस युवक को बचाने और उसका सिर नहीं मुंडवाने का आग्रह कर रही है,लेकिन उसकी एक नहीं सुनी जा रही है। इधर, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
लगाए थप्पड़, नाई बुलाकर मुंडवा दिया सिर
वायरल वीडियो में एक युवक खुद को एक संगठन से बताते हुए गाली-गलौज कर रहा है। उसके बाद वह युवती के साथ खड़े युवक को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ता है। उसके बाद नाई बुलाकर मौके पर ही उसका सिर मुंडवा देते हैं।
एक संगठन से जुड़े लोगों ने पकड़ा
बताया जा रहा है कि कोतवाली क्षेत्र में गंगा घाट पर बैठे युवक-युवती को एक एक संगठन से जुड़े लोगों ने पकड़ लिया। युवक की धुनाई लगाते हुए उसका सिर मुंडवा दिया गया। इतना ही नहीं, उन लोगों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया था।
पीड़ित युवक ने सौंपी तहरीर
उधमसिंह नगर के काशीपुर निवासी मो महफूज ने शिकायत में बताया कि वह महिला मित्र के साथ विष्णु घाट पर गया हुआ था। यहां कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट कर उसका सिर मुंडवा दिया गया। महफूज ने बताया कि उन लोगों ने एक अन्य युवक-युवती को भी पकड़कर उनसे अभद्रता की।




