भोंपूराम खबरी। पौड़ी के मासौ गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार मुर्गी बाड़े में फंस गया। गुलदार के बाड़े में कैद होने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों में कौतूहल के साथ दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। साथ ही लोगों से गुलदार से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मौके से दूर रहने और रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग करने को कहा है। अधिकारियों ने लोगों से गुलदार को परेशान नहीं करने और उसके पास जाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। फिलहाल वन विभाग की टीम गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की कार्रवाई में जुटी है।




