भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के अल्मोड़ा से बेहद ही सनसनीखेज़ हत्याकांड की खबर सामने आ रही है जिसको अंजाम सगी औलादों ने ही दिया,” इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड में दो सगी बेटियों और बेटे और बड़ी बेटी के प्रेमी ने मिलकर अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी।सभी हत्यारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सुंदर लाल (60) पुत्र दुर्गाराम आईटीबीपी से कुछ माह पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह रहने के लिए गांव आ गए, जबकि उनकी बड़ी बेटी डिंपल, बेटा रितिक और छोटी नाबालिग बेटी देहरादून में पिता के सरकारी आवास में रहते थे। 28 दिसंबर को दोनों बेटियां, बेटा और बड़ी बेटी का प्रेमी हर्षवर्धन पुत्र प्रसादी लाल निवासी संगम विहार दिल्ली गांव पहुंचे। शुक्रवार शाम चारों ने मृतक के भाई को परिवार सहित मारपीट कर घर से भगा दिया।
कुछ ही देर में घर से चिल्लाने की आवाज आने लगी। भाई ने ग्रामीणों को मौके पर बुलाया। सभी ने कमरे का दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया तो वहां सुंदर लाल का शव पड़ा था। आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन गांव वालों ने उन्हें दबोचकर कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने भाई की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस जघन्य घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है।




