भोंपूराम खबरी। रुद्रप्रयाग जिले में दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. आरोपी कोई और नहीं, बल्कि महिला का पति ही बताया जा रहा है. पत्नी के हत्या के बाद आरोपी पति फरार है, जिसकी पुलिस तलाश में जुटी हुई है. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार शनिवार 31 अगस्त दोपहर 2.30 बजे के करीब अमसारी गांव में 28 साल की पूजा को उसके 35 साल के पति राजीव त्यागी निवासी दिल्ली ने तमंचे सो गोली मार दी है. सिर पर गोली लगते ही पूजा की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि आरोपी पति वहां से फरार हो गया.
गोली का आवाज सुन मौके पर पहुंचे लोग: आसपास के लोगों को जैसे ही गोली की आवाज सुनाई दी तो कुछ लोग मौके पर पहुंच गए. वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की. साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा.
मां ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा: कोतवाली रुद्रप्रयाग में पूजा की मां ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों का आपसी विवाद कोर्ट तक पहुंचा था. पूजा की 8 वर्ष की एक बेटी और 5 वर्ष का एक बेटा है, जो उसके पति के साथ दिल्ली में ही रहते थे.
6 महीने पहले ही मां के घर आई थी पूजा: महिला छह महीने पहले दिल्ली से अपनी मां के यहां बसुकेदार आई थी, जबकि 15 दिन पूर्व से वह रुद्रप्रयाग नगर पालिका के वार्ड 2 अमसारी में रह रही थी. उसका पति राजीव दिल्ली से एक हफ्ते पहले अमसारी आया था. मृतका की मां रानी देवी बसुकेदार में सफाईकर्मी का काम करती थी.




