भोंपूराम खबरी,सितारगंज। प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई। जिससे भड़के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। डॉक्टर ने हार्ट अटैक से महिला की मौत होने की जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार लालकुआं के ग्राम हल्दूचौड़ निवासी समीर ने 39 वर्षीय पत्नी पूनम को सिडकुल रोड स्थित निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया था। 9 मार्च को पूनम का आयुष्मान योजना के तहत पथरी का ऑपरेशन किया गया। समीर ने बताया कि ऑपरेशन के बाद अस्पताल प्रशासन ने पूनम को रेफर कर दिया इसके बाद परिजन पूनम को गंभीर अवस्था में हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल और बरेली के राम मूर्ति अस्पताल में लेकर गए। आरोप है कि दोनों अस्पतालों के डॉक्टरों ने पूनम को हार्ट संबंधित रोग होने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन पूनम को लेकर दोबारा अस्पताल पहुंच गए जहां उपचार के दौरान पूनम की मौत हो गई। महिला का मायका शक्ति फार्म क्षेत्र में होने के कारण ग्रामीण और हल्दूचौड़ से पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने निजी अस्पताल में पहुंचकर डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर कस्बा इंचार्ज इंदर सिंह भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने उन्हें किसी भी प्रकार की कोई भी जानकारी नहीं दी। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष खीम सिंह बिष्ट, प्रधान रोहित बिष्ट, पूर्व विधायक पुत्र शैलेंद्र दुमका, नवीन बमेठा, दिवाकर आदि मौजूद थे। महिला की मौत होने से पति का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक महिला अपने पीछे दो मासूम बच्चों और पति को रोता भी लगता छोड़ गई है। महिला का पति समीर हाथ जोड़कर सबसे न्याय की गुहार लगाता बेसुध हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि समीर मजदूरी करता है और उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है।




