Friday, September 4, 2026

मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के लिए रजिस्ट्रेशन का नया रिकॉर्ड कायम, अब तक 2.35 लाख रजिस्ट्रेशन : रेखा आर्या

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,देहरादून।  मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी मैं खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन का इस साल नया रिकॉर्ड कायम हुआ है। अभी तक 2.35 लाख से ज्यादा खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर चुके है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

 

खेल मंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए हर ब्लॉक से कम से कम 2000 खिलाड़ियों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने जिला योजना से प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बजट बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि खिलाड़ियों के रहने और भोजन समेत अन्य व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की जा सकें।

बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इस वर्ष अब तक 2.35 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

इस वर्ष प्रतियोगिताओं में 8 से 14 वर्ष और 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा महिला ओपन वर्ग में 20 से 25 वर्ष तक की महिलाएं भी प्रतिभाग कर सकेंगी। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं और खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश मंमगाई, उपनिदेशक शक्ति सिंह आदि उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.