भोंपूराम खबरी,रुद्रपुरः महाशिवरात्रि के अवसर पर आज शहर के शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की। जिलेभर में शनिवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। जलार्चन के लिए शिवालयों में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।

महाशिवरात्रि के मौके पर सुबह से ही शहर के तमाम शिव मंदिरों में हर-हर महादेव की गूंज रही। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। दूध, बेलपत्र, धतूरे के पत्ते और हाथों में जल लेकर श्रद्धालु शहर के शिव मंदिर, पांच मंदिर, शिव शक्ति मंदिर, अटरिया देवी मंदिर आदि तमाम शिवालयों में जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े रहे। श्रद्धालुओं में पहले जलाभिषेक करने की होड़ लगी रही। मंदिरों में शिव के उद्घोष से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक के लिए निकल पड़े। मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए पहले से सजावट की गई थी। इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए। ताकि पूजा अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए। मंदिरों के बाहर धतूरा, बेलपत्र के अलावा ठंडई के लिए भी स्टॉल लगाए गए थे। मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं में पुरुष, महिलाओं के साथ-साथ बच्चे भी भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। हर तरफ बम भोले शंकर के उद्घोष से महाशिवरात्रि के इस पावन मौके पर माहौल भक्तिमय नजर आया।




