Saturday, September 5, 2026

महापौर विकास शर्मा ने हजूर साहब डा. जसदीप सिंह गिल से लिया आशीर्वाद

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। किच्छा रोड स्थित राधास्वामी सत्संग घर में राधास्वामी सत्संग ब्यास के संत सतगुरु डॉ. जसदीप सिंह गिल के रूद्रपुर आगमन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने हजूर साहब डा. जसदीप सिंह गिल जी महाराज से आत्मीय भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। महापौर ने हजूर साहब को अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि संत सतगुरु डॉ. जसदीप सिंह गिल जी का रूद्रपुर आगमन पूरे शहर और क्षेत्रवासियों के लिए बड़े सौभाग्य की बात है। संतों और महापुरुषों का सानिध्य समाज को सत्य, सेवा, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है।

महापौर ने कहा कि आज के भौतिकवादी दौर में संत महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को सही दिशा प्रदान करती हैं। हजूर साहब डा. जसदीप सिंह गिल द्वारा श्रद्धालुओं को दिए जा रहे आध्यात्मिक संदेश लोगों को मानवता, सेवा और आत्मिक उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को जीवन के मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि रूद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सत्संग में पहुंचकर हजूर साहब के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। संत सतगुरु का सानिध्य मिलना श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। महापौर ने हजूर साहब से रूद्रपुर शहर और प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

इस दौरान सत्संग परिसर में श्रद्धालुओं और सेवादारों की भारी उपस्थिति रही। महापौर विकास शर्मा ने राधास्वामी सत्संग ब्यास से जुड़े पदाधिकारियों और सेवादारों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना करते हुए कहा कि सेवा और समर्पण की भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.