भोंपूराम खबरी, रूद्रपुर। हरदासपुर से बसंतीपुर तक सड़क का निर्माण हाॅट मिक्स से नहीं होने पर भड़के ग्रामीणों को विधायक राजकुमार ठुकराल ने आश्वासन देकर शांत किया। इस दौरान विधायक ठुकराल ने कहा कि सड़क का निर्माण मानकों के अनुसार किया जायेगा। मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
जानकारी के मुताबिक करीब एक दशक से जर्जर हालत में पड़ी हरिदासपुर बसंतीपुर सड़क को हाट मिक्स से न बनाकर साधारण डामरीकरण करने से ग्रामीणों का पारा चढ़ गया ग्रामीणों न विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी प्रकट की और सड़क का काम रूकवा दिया। सूचना मिलने पर विधायक राजकुमार ठुकराल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क का मात्र डामरीकरण किया जा रहा है जबकि इसे हाट मिक्स बनाया जाना चाहिए। विधायक ने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि इतने लम्बे समय बाद सड़क बन रही है तो इसे गुणवत्ता के साथ बनाया जाना चाहिए। ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए विधायक ठुकराल ने कहा कि सड़क में डाले गये मैटेरियल की मोटाई दोगुनी की जायेगी। सड़क का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ होगा। यदि तीन वर्ष के अंदर सड़क में गड्ढे हो जाते हैं तो सम्बंधित कार्यदायी संस्था इसको दुरूस्त करेगी। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जनभावनाओं की अनदेखी नहीं होने दी जायेगी।




