Saturday, September 5, 2026

भीषण गर्मी से राहत मिलेगी या फिर लू करेगी बेहाल, जानें-आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। देश के कई राज्यों में आज भी भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। जबकि पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 48 घंटे के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान कहीं बारिश होगी तो कहीं पर लू चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, आंतरिक कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, कोंकण और गोवा के अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है। आईएमडी ने 27 से 29 अप्रैल तक महाराष्ट्र के ठाणे और रायगढ़ जिलों के साथ-साथ मुंबई के कुछ हिस्सों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है।

कई राज्यों में 40 डिग्री तक पहुंचा तापमान

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटे में अनंतपुर देश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां पर अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि भुवनेश्वर में पारा 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 42.6 डिग्री, प्रयागराज में 42.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। देश के ज्यादातर राज्यों में पारा 40 डिग्री के आस-पास दर्ज किया जा रहा है।

पूर्वोत्तर भारत में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में 28 अप्रैल तक अलग-अलग स्थानों पर गरज और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।

अगले 24 घंटों के दौरान कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। उसके बाद धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। हालांकि, मध्य भारत में अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि गर्मी के मौसम में सामान्य है। दिल्ली में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहने का अनुमान है। मंगलवार शाम को राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं, जो पिछले 24 घंटों के दौरान 2.0 मिलीमीटर दर्ज की गई।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.