Friday, September 4, 2026

भाई के लिए गुलदार से भिड़ गया बड़ा भाई, सिर पर वार कर भागने के लिए किया मजबूर

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रामनगर। ग्राम चोरपानी में सती कॉलोनी के समीप बगीचे के किनारे रहने वाले 9 वर्षीय बालक पर गुलदार ने अचानक हमला कर लिया। पास ही मौजूद बालक के बड़े भाई ने बहादुरी दिखाते हुए गुलदार पर डंडे से कई वार करके छोटे भाई को गुलदार के मुंह से छुड़ा लिया। किशोर की बहादुरी के चलते गुलदार बालक को छोड़कर मौके से भाग निकला।

घायल बालक को राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। जानकारी के अनुसार सती कालोनी के समीप बगीचे के किनारे परिवार के साथ रह रहा 9 वर्षीय जयवीर का परिवार बगीचे में घास काटने के लिए गया था। घर में जयवीर और उसका बड़ा भाई 12 वर्षीय देव कुमार मौजूद थे। जयवीर जब घर के बाहर निकला तो झोपड़ी के बाहर चारपाई के पर बंधे उनके पालतू कुत्ते पर गुलदार ने हमला कर दिया। यह देखकर जयवीर गुलदार के चंगुल से कुत्ते को बचाने के लिए उसे खोलने का प्रयास करने लगा। तभी गुलदार ने जयवीर पर हमला कर दिया। जयवीर ने शोर मचाया तो घर में मौजूद उसका 12 वर्षीय भाई देव कुमार बाहर निकला उसने देखा कि गुलदार ने जयवीर के एक पैर को मुंह में दबा रखा था। देव कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए डंडे से गुलदार के सिर पर कई वार कर दिये। देव कुमार की बहादुरी के चलते गुलदार उसके भाई को घायल अवस्था में छोड़कर बगीचे की ओर भाग गया। गुलदार के हमले में घायल जयवीर के हाथ और पैरों में नाखूनों से गहरे घाव बन गए। परिजन उसे उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल किशोर को छुट्टðी दे दी। घटना के बाद गुलदार के आतंक को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं देव कुमार द्वारा गुलदार के साथ किए गए संघर्ष के बाद अपने भाई की जान बचाने की जमकर प्रशंसा की जा रही है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.