Saturday, September 5, 2026

भगत सिंह पार्क में सार्वजनिक टॉयलेट निर्माण का विरोध

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। मुख्य बाजार के भगत सिंह चौक पर शहीद के नाम निर्मित पार्क के भीतर सार्वजनिक टॉयलेट का निर्माण नगर निगम को भारी पड़ सकता है। यहाँ के दर्जनों दुकानदारों ने इस सार्वजनिक टॉयलेट निर्माण के विरोध का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के ठीक बगल में टॉयलेट का निर्माण स्वतंत्रता संग्राम के इस महान सेनानी का अपमान है।

ज्ञातव्य है कि भगत सिंह चौक पर दशकों से एक पार्क निर्मित है। इसमें शहीद भगत सिंह चौक की प्रतिमा स्थापित है। कई वर्षों से यह पार्क न सिर्फ धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक आयोजनों का गवाह रहा है बल्कि मुख्य बाजार में रहने वाले बच्चे शाम को यहाँ खेलते हैं। लगभग पंद्रह सौ वर्ग फीट में निर्मित इस पार्क से लोगों का विशेष लगाव है। लेकिन अब इस पार्क के भीतर नगर निगम सार्वजनिक टॉयलेट का निर्माण करा रहा है जिससे जनाक्रोश भड़क रहा है। यहाँ व्यवसायरत हरीश मुंजाल ने कहा कि पार्क की बाउंड्री पर पूर्व में एक त्रिकक्षीय मूत्रालय निर्मित था जिससे आम जनमानस का कार्य चल जाता था। साथ ही शहीद भगत सिंह का भी सम्मान बना रहता था। मगर अब निगम हठधर्मिता पर उतारू है और यहाँ पुराने मूत्रालय को ध्वस्त कर दिया गया है। व्यापारी हरबंस गुम्बर का कहना था कि निगम यदि पार्क की आधी जमीन पर टॉयलेट बना देगा तो इस पार्क का अस्तित्व ही खत्म हो जायेगा। यहाँ न तो कोई आयोजन हो सकेगा और न ही बच्चे खेल सकेंगे। अन्य व्यापारी शंकर गोलदार ने कहा कि जिस शहीद भगत सिंह ने देश के लिए हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूम लिया आज उसी शहीद का अपमान नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। विक्रम आहूजा ने कहा कि निगम की यह मनमानी भगत सिंह चौक के व्यापारी और निवासी बरदाश्त नहीं करेंगे और इसका पुरजोर विरोध किया जायेगा।

वहीं निगम ने पुराने मूत्रालय के ध्वस्तीकरण के साथ ही यहाँ सार्वजनिक टॉयलेट की इमारत के लिए पार्क के अन्दर नींव भी खोद दी है और साथ ही जेसीबी मशीन लगाकर बाउंड्री को भी तोड़ा जा रहा है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले में रविवार को मीटिंग बुलाई गयी है जिसमें विरोध की रणनीति बनायी जाएगी। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि निगम प्रशासन ने पूर्व में वीर हकीकत राय मार्ग पर भी इसी तरह सार्वजनिक टॉयलेट बनाने के लिए रोड पर कब्जे का प्रयास किया था जिसे विरोध से असफल किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार में बाटा चौक पर एक आधुनिक सार्वजानिक टॉयलेट पूर्व में ही निर्मित है। ऐसे में शहीद भगत सिंह का अपमान करते हुए निर्माण नहीं करने दिया जायेगा।

इस मामले में निगम के सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी से बात करने के लिए कई बार प्रयास किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.