Friday, September 4, 2026

बीस गांवों की भूमि के मालिकाना हक के लिए दिया धरना 

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिला प्रशासन के आदेश पर बाजपुर के बीस गाँव की 5838 एकड़ भूमि के मालिकाना हक छीन लिए जाने के आदेश के एक साल पूरा होने पर बाजपुर बचाओ मुहिम से जुड़े लोगों ने गाँधी पार्क पर धरना दिया। एक घंटे के धरना-प्रदर्शन के उपरान्त अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

संयुक्त किसान मोर्चा गाजीपुर के प्रवक्ता व तराई के बड़े किसान नेता जगतार सिंह बाजवा प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहित किये जाने के आदेश के बाद आन्दोलन शुरू होने का एक साल पूरा होने पर मंगलवार को रुद्रपुर पहुंचे। उनके नेतृत्व में गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्रभावित लोगों ने धरना दिया। ज्ञात हो कि बाजवा बाजपुर बचाओ मुहिम के सयोजक भी हैं और गाहे-बगाहे संयुक्त किसान मोर्चा के किसान नेताओं का समर्थन इस बाबत बाजपुर की जनता को मिलता रहा है।

यहाँ बाजवा का कहना था कि प्रशासन के इस एकतरफा फैसले से क्षेत्र के हजारों मजदूर, किसान और व्यापारियों के परिवार बर्बादी की कगार पर पहुँच गए है। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर गत 1 जून 2020 से ये मुहिम शुरू की गई थी। लंबे समय से आश्वासनों के बावजूद भूमिधरी अधिकार सुनिश्चित नहीं किये गये। इस फैसले से लोगो की आर्थिक गतिविधियां रुक गई है। बैंको से लोन व आर्थिक लेन-देन बन्द हो जाने कारण लोगों के सामने बड़ा वित्तीय संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने भूमिधारियों के मालिकाना हक के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। एक घंटे के धरने के पश्चात् सभी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी रंजना राजगुरु को सौंपा। इस मौके पर सुनील पाठक, संदीप गोयल, राजकिशोर सिंह, अनिल कुमार, सौरभ नेगी, प्रवीन कांबोज, सुनील सक्सेना,अनिल सजवान, दारा दिलेर रंधावा आदि मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.