Saturday, September 5, 2026

बरेली में भी मणिपुर की तरह अपराध, महिला को निर्वस्त्र कर पीटा; उधार दिए पैसे को वापस मांगने पर हुआ यह हश्र

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,बरेली।  मणिपुर की तर्ज पर बरेली में भी महिला को निर्वस्त्र कर पीटा गया। बरेली के एक गांव में शर्मसार करने वाली घटना हुई। उधार के रुपये मांगने पर प्रधान व उसके पांच साथियों ने महिला को निर्वस्त्र कर पीटा। पति बचाने आया तो घर के बाहर पेड़ से बांधकर डंडों से पीटा गया।

घटना के तीसरे दिन शुक्रवार को क्योलड़िया थाने में प्रधान गंगाधर, मोती, जाबिर, साबिर, लक्ष्मण व विजय के खिलाफ प्राथमिकी लिखी गई। सभी पर निर्वस्त्र करने, बलवा, घर में घुसकर मारपीट करने, धमकाने की धाराएं लगाई गई हैं। 28 जुलाई को महिला का चोट के निशान दिखाते वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ।

प्रधान को रुपये दिए थे उधार

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि पति ने ग्राम प्रधान गंगाधर को रुपये उधार दिए थे। 25 जुलाई को वह रुपये वापस मांगने गए तो गंगाधर ने अभद्रता की। इसको लेकर कहासुनी होने लगी तो अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दिया। इसी विवाद में 26 जुलाई की रात गंगाधर, मोती, जाबिर, साबिर, लक्ष्मण और विजय ने घर में घुसकर हमला कर दिया, निर्वस्त्र कर पिटाई की।

पति को पेड़ से बांधकर पीटा

उसी समय पति बाजार से लौटे तो उन्हें दरवाजे से घसीटकर बाहर ले गए, पेड़ से बांधकर पीटा। बोलीं, पति को बचाने के लिए बाहर दौड़ी, गिड़गिड़ाती रही। इसके बावजूद आरोपित हमलावर रहे, चाकू से प्रहार करने का प्रयास किया। अफरातफरी के बीच किसी तरह कपड़े पहने और पति को बंधनमुक्त करा वहां से भागकर जान बचाई।

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी मगर, जांच की बात कहकर लौटा दिया गया। बाद में प्राथमिकी लिखी।

प्रकरण के संदर्भ में एसपी देहात का कहना है कि उधारी वापस मांगने पर विवाद हुआ था। महिला के शिकायती पत्र के आधार पर प्राथमिकी लिखा दी गई है। आरंभिक जांच में निर्वस्त्र करने की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। अगर जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उन्हें विवेचना में शामिल किया जाएगा।

महिला एक कस्बा की रहने वाली हैं। कुछ समय पहले वह दूसरे संप्रदाय के एक युवक के साथ चली गई थीं, जिसकी प्राथमिकी लिखी गई। बाद में उन्होंने उसी युवक से विवाह कर लिया।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.