Friday, September 4, 2026

पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने ठोंकी रुद्रपुर विधानसभा से दावेदारी

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। चार बार के विधायक व पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ के किच्छा को चुनावी रणक्षेत्र घोषित किये जाने के बाद उत्तराखंड महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष व नगर पालिका की पूर्व चेयरपर्सन मीना शर्मा ने रुद्रपुर विधानसभा से अपनी दावेदारी पेश कर दी है। शर्मा ने देहरादून में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव व प्रदेश सह प्रभारी दीपिका पाण्डेय से भेंट के दौरान अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।

मीना शर्मा ने देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में राज्य के अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात भी की। इससे पूर्व मंगलवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित नव मनोनीत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के स्वागत समारोह में भी उन्होंने प्रतिभाग किया। “भोंपूराम खबरी” न्यूज पोर्टल से फ़ोन पर वार्ता में शर्मा ने बताया कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज बेहड़, जीतराम व भुवन कापड़ी सहित उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सरिता आर्या महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सरोजिनी कैंत्यूरा, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी सुरेंद्र सिंह नेगी सहित कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर उन्हें अपनी चुनावी समर में उतरने की इच्छा से अवगत कराया। साथ ही उनसे विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की।

ज्ञात हो कि शर्मा 2008 से 2013 तक शहर की तत्कालीन नगरपालिका की अध्यक्ष रही हैं। अपने कार्यकाल के दौरान शर्मा काफी ख्यात रहीं। हालाँकि बाद निगम बनने पर मेयर सीट अरक्षित हो जाने के कारण वह चुनाव नहीं लड़ी। लेकिन कार्यकाल के दौरान शहर में उन्होंने अपनी खासी जमीन तैयार कर ली। इस दौरान उन्हें अपने पति और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल शर्मा का भरपूर साथ मिला। शर्मा दम्पति की सुलभता और देसी पृष्ठभूमि के चलते शहर के एक बड़े वोटर वर्ग पर उनकी अच्छी पकड़ है। वहीं इस साल के आरम्भ में रुद्रपुर क्षेत्र से चार बार विधायक रहे पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ के किच्छा से चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि शर्मा 66 विधानसभा रुद्रपुर से दावेदारी करेंगी। शर्मा दम्पति का जनसंपर्क अभियान व समाजसेवा का काम भी अनवरत चलता रहा। अब यह साफ़ हो गया है कि मीना शर्मा विधानसभा में किस्मत आजमाने को तैयार हैं। हालाँकि रुद्रपुर से चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस नेताओं की फेहरिस्त में जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष संदीप चीमा, जिला कार्औयकारी अध्रयक्ष हिमांशु गावा और पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष अरुण पाण्डेय का नाम भी प्रमुखता से शामिल है। दरअसल रुद्रपुर में दो बार से विधायक भाजपा के राजकुमार ठुकराल कद्दावर नेता माने जाते हैं। उनके समक्ष टिकना व जीतना कांग्रेस के किसी भी प्रत्याशी के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती होगी। अब देखने योग्य यह होगा कि पार्टी इनमें से किसपर दांव खेलती है या फिर ऐन चुनावी समर के वक़्त कोई और ही नाम सामने आता है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.