Friday, September 4, 2026

पुलिस ने सामिया लेक सिटी का डायरेक्टर सगीर खान को धोखाधड़ी में किया गिरफ्तार, मालिक फरार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने सामिया बिल्डर्स के डायरेक्टर को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि सामिया के मालिक जमील खां फरार है। उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया जाएगा। उनका कहना है कि सामिया बिल्डर्स के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी और संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी मंजूनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस करके बताया कि सामिया लेक सिटी के प्रबंधक और मालिक के खिलाफ लालकुंआ नैनीताल के शहजाद खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2012 में उन्होंने सामिया लेक सिटी का प्रचार देखा और सोसाइटी के स्वामी वसुन्धरा इंक्लेव दिल्ली निवासी जमील खान और डायरेक्टर गाजियाबाद निवासी सगीर खान से संपर्क किया। उन्होंने 16 लाख दस हजार रुपए जमा किए, लेकिन अभी तक उन्हें प्लाट नहीं मिला। शहजाद की पत्नी फिरदौस खान ने भी प्लाट के लिए 16 लाख दस हज़ार रुपये जमा किए, उन्हें भी प्लाट नहीं मिला। इसी तरह शहजाद की बेटी डाक्टर फरहीन खान और बेटे फरदीन खान ने आठ लाख पांच हजार आठ लाख पांच हजार रुपए जमा किए, लेकिन रजिस्ट्री और दाखिल खारिज हो जाने के बाद भी कोई प्लाट नहीं मिला। इस मामले में चार तहरीरों पर अलग अलग मुकदमे दर्ज किए गए।

एसएसपी ने बताया कि बिल्डर ने एक प्लाट की कई रजिस्ट्री कर रखी है। आम तौर पर जब कोई पीड़ित बिल्डर्स की शिकायत पुलिस से करता तो बिल्डर्स डरा धमका कर उसे दूसरा प्लाट देने का वादा करके मामला ठंडे बस्ते में डलवा देते। उन्होंने बताया कि सीओ से जांच कराई गई तो पता चला कि अनेक लोग परेशान हैं।

उन्होंने बताया कि कोतवाल विक्रम सिंह राठौर व उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गोस्वामी व एसओजी की टीम गठित की और डायरेक्टर सगीर खान को गिरफ्तार कर लिया। अभी मालिक जमील खान फरार है, जिसकी शीघ्र गिरफ्तारी होगी। यदि वह विदेश में होगा तो वहां लाया जाएगा। लुक आउट नोटिस भी जारी किया जाएगा। उन्होंने मिडिल क्लास लोगों के साथ धोखेबाजी करने वालों की संपत्ति कुर्क करने की बात कही है। साथ ही पुलिस टीम को पुरस्कृत करने का ऐलान किया है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.