भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। थाना पंतनगर पुलिस ने मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 9 लाख की कीमती बैटरी भी बरामद की। रविवार को पुलिस कार्यालय में एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के ने खुलासा करते हुए बताया कि 27 मई को पंतनगर विवि क्षेत्र में चोरों ने जियो रिलाइंस मोबाइल टावर से सात लिथियम लायन बैटरी चोरी कर ली थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले । जिसमें कुछ संदिग्ध कैद मिले। पुलिस ने उनकी पहचान का प्रयास शुरू कर दिया था।
बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मोबाइल टावर से बैटरी चुराने वाले चोर कार से दिनेशपुर रोड होते हुए कहीं जा रहे है। इस पर सीओ पंतनगर ओम प्रकाश शर्मा, थानाध्यक्ष पंतनगर राजेंद्र सिंह डांगी, एसआइ हेम चंद्र सिंह, एसआइ प्रकाश राम विश्वकर्मा, एसआइ दिनेश रावत, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह कोरंगा, भूपाल सिं, पंकज कुमार दिनेशपुर मोड़ पर पहुंचे। पुलिस की चेकिंग देख कार सवार वापस मुड़ने लगे। इस पर पुलिस कर्मियाें ने कार की घेराबंदी कर ली और कार में सवार तीन युवकाें को दबोच लिया। बताया कि कार की तलाशी में जियो टावर की बैटरियां बरामद हुई। एसपी क्राइम ने बताया कि पूछताछ में तीनों ने अपना नाम जिला नैनीताल क्षेत्र निवासी ललित,दीपक, ऋषिकेश निवासी संदीप कुमार बताया। बाद में उनकी निशानदेही पर पुलिस ने संजय वन के पास झाड़ियों से पंतनगर से चुराई गई लिथियम लायन मोबाइल जियो टावर की बैटरियां बरामद की।पंतनगर के अलावा उन्होंने रामनगर से भी मोबाइल टावर की बैटरी चोरी की थी। उन्होंने बताया कि तीनों का अपराधिक रिकॉर्ड भी देखा जा रहा है। पुलिस ने तीनों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई कर रही।




