Saturday, September 5, 2026

पुराना जिला अस्पताल परिसर में बनेगा नर्सिंग कालेज, 29.35 करोड की स्वीकृति

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। पुराना जिला अस्पताल परिसर में नर्सिंग कालेज बनेगा। इसके लिए शासन से 29.35 करोड़ रुपये की डीपीआर को स्वीकृति मिल गई है। राजकीय मेडिकल कालेज प्रबंधन की ओर से निर्माण प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अब कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग के परियोजना खंड व स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के बीच निर्माण कार्य का अनुबंध होगा।

करीब एक साल पहले चिकित्सा शिक्षा निदेशालय से इंद्रा चौक के समीप पुराना जेएलएन जिला अस्पताल की लगभग दो एकड़ भूमि पर नर्सिंग कालेज का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। निदेशालय की ओर से अधिशासी अभियंता परियोजना खंड सिंचाई विभाग देहरादून को कार्यदायी संस्था बनाया। कार्यदायी संस्था के ईई केएस सजवाण ने नर्सिंग कालेज की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शासन को भेजी थी, जिसे स्वीकृति मिल गई है। यहां 170 बालिकाओं के लिए हास्टल का चार मंजिला भवन बनेगा। ग्राउंड फ्लोर समेत तीन मंजिल के एकेडमिक ब्लाक व एक गार्ड रूम भी बनाया जाएगा।

परिसर में जिला अस्पताल भी है प्रस्तावित जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय मेडिकल कालेज के भवनों में चल रहा है। जिला अस्पताल को कालेज के भवनों से शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए करीब चार महीने पहले तत्कालीन डीएम उदय राज सिंह ने पुराना जिला अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग को प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद लगभग दो माह पूर्व सीएमओ की ओर से उनके स्वामित्व वाले पुराने जिला अस्पताल की 11.63 एकड़ भूमि पर 200 बेड के जिला अस्पताल के लिए भवन निर्माण को 129 करोड़ की डीपीआर स्वास्थ्य निदेशक को भेजी गई। ऐसे में अब इस भूमि पर नर्सिग कालेज बनेगा या फिर जिला अस्पताल, इसको लेकर भी संशय हो गया है। इस मामले में सीएमओ कुछ नहीं बता पा रहे है। मेडिकल कालेज के प्राचार्य ने भी शासन का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ दिया। हालांकि, अंदरखाने चिकित्सा शिक्षा और चिकित्सा स्वास्थ्य दोनों ही इसको लेकर मंथन में लगे है।

पुराना जिला अस्पताल की भूमि नर्सिंग कालेज के लिए चिह्नित कर 29.35 करोड़ की डीपीआर शासन को भेजी थी। डीपीआर के साथ ही प्रशासनिक स्वीकृति भी हो गई है। बालिका हास्टल  के लिए चार मंजिला भवन और एकेडमिक ब्लाक के लिए तीन मंजिला भवन बनना है। एक गार्ड रूम बनेगा वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अनुबंध किया जाएगा।

– केएस सजवाण, अधिशासी अभियंता परियोजना खड, सिचाई विभाग देहरादून।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.