भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में ऑनलाइन कमाई के लालच में एक महिला सहित दो लोगों ने एक झटके में 17 लाख से अधिक रुपये गंवा दिए। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
देहरादून के ग्रीन व्यू रेजीडेंसी निवासी पूजा असवाल ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पूजा ने बताया कि टेलीग्राम एप पर 12 नवंबर को खुशी नाम की यूजर ने घर बैठे मोटी कमाई का मैसेज भेजा था। झांसे में आई पूजा ने पहले चरण में छोटा निवेश किया। सामान्य टास्क में पूजा को अच्छा कमीशन मिल रहा था। उसके बाद टास्क की रकम बढ़ती गई। अंतत: साइबर ठगों ने पूजा से 8.56 लाख रुपये जमा करवा लिए। ठगी का एहसास होने पर पूजा ने साइबर थाने की शरण ली।
नितिन ने गंवाए 8.24 लाख रुपये
देहरादून में ऑनलाइन साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। सरस्वती विहार निकट आंचल डेयरी अधोईवाला निवासी नितिन धर पाठक ने गूगल पर ऑनलाइन साइट के प्रमोशन के जरिये कमाई के झांसे में आकर 8.24 लाख रुपये एक झटके में गंवा दिए। नितिन ने बताया कि उन्हें व्हाट्सऐप से ऑनलाइन कमाई का मैसेज प्राप्त हुआ था। उसके बाद गूगल पर कमाई कर झांसा देकर उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। साइबर ठगों ने नितिन से सवा आठ लाख रुपये जमा करा लिए थे। यहां भी पहले ठगों ने नितिन को छोटे निवेश पर बड़ा कमीशन दिया था।
टेलीग्राम एप से जोड़ रहे ठग
राज्य में साइबर ठगी के अधिकांश मामलों में ठग लोगों को टेलीग्राम एप के एक ग्रुप में जोड़कर उन्हें ठगी का शिकार बना रहे हैं। पहले उन लोगों को एसएमएस या व्हाट्सएप से कमाई का लालच देने के लिए एक लिंक भेजा जा रहा है। उसके बाद टेलीग्राम एप से जोड़कर उन्हें टास्क दिए जा रहे हैं। शुरुआत में चारा डालने के लिए उन लोगों को कम निवेश पर करीब 30 फीसद तक कमीशन भी दिया जा रहा है।




