भोंपूराम खबरी। राजस्थान में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कायम सस्पेंस के बीच आज बाड़मेर से सांसद और केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी के दिल्ली स्थित आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भजनलाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री होंगे। वह पहली बार विधायक चुने गए हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक में यह घोषणा की गई। भजनलाल शर्मा सांगानेर से विधायक हैं। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ समर्थित शर्मा (56) ने जयपुर की सांगानेर सीट 48,081 वोटों के अंतर से जीती है। वह भरतपुर जिले का रहने वाले हैं। पीटीआई भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रस्ताव रखा जिसे विधायक दल ने स्वीकार कर लिया। भजनलाल भाजपा के प्रदेश महासचिव हैं। उनके पास राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की डिग्री है। विधायक दल की बैठक से पहले एक ग्रुप फोटो खींची गई जिसमें वह आखिरी पंक्ति में खड़े थे। गौरतलब है कि राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीट हैं जिनमें से 199 सीट पर 25 नवंबर को मतदान हुआ और 3 दिसंबर को नतीजे घोषित किए गए। इस चुनाव में भाजपा को 115 सीट और कांग्रेस को 69 सीट मिलीं।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद भजनलाल शर्मा ने कहा- पीएम मोदी, अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद। नाम का प्रस्ताव रखने वालीं पूर्व सीएम वसुंधरा राजे जी का धन्यवाद। राजस्थान की टीम से राजस्थान की जो अपेक्षा है, हमसे, भारतीय जनता पार्टी से जो अपेक्षा है उसे हम पूरा करेंगे। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में हम राजस्थान का सर्वांगीण विकास करेंगे।
वासुदेव देवनानी को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है। राजनाथ सिंह ने दो उप मुख्यमंत्रियों के नाम का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा डिप्टी सीएम होंगे।




