Friday, September 4, 2026

दीपावली का त्यौहार, जाम से बेहाल बाजार 

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। दीपावली के त्यौहार पर भी नगर निगम की काहिली के चलते नगरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर में पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण लोग बेहाल हैं। शहर के मध्य में स्थित सिविल लाइन्स मार्ग पर पिछले दो महीने से नगर निगम द्वारा नाली निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य की गति धीमी होने से सड़क पर आये दिन जाम की समस्या से शहरवासियों को जूझना पड़ रहा है।

इस समय दीपावली त्यौहार के चलते ज्यादातर लोग खरीदारी करने के लिए बाजार का रुख कर रहे है, ऐसे में नगर निगम द्वारा जाम की समस्या का निराकरण न किये जाने से व्यापारियों व ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के प्रमुख शहरों में से एक होने के अलावा औद्यगिक केंद्र और जिला मुख्यालय होने के बाद भी शहर में पार्किंग की व्यवस्था न होना सरकार और प्रशासन की एक बड़ी चूक है। जिसके चलते वाहन तो दूर बल्कि पैदल चलना भी दूभर लगने लगता है। दीपावली के पर्व के कारण शहर में इस समय हर ओर ग्राहकों का जमावड़ा है। साथ ही छोटे ठेला-फड़ व्यवसायी भी पांच दिवसीय पर्व के लिए अपनी दुकानें सजाये बैठे हैं। वहीं नगर निगम के निर्माण कार्यों की धीमी गति के कारण शहर की सिविल लाइन्स व मुख्य बाजार सहित डीडी चौक, नैनीताल रोड पर दशमेश नगर मोड़, अटरिया मोड़, काशीपुर बाई पास आदि सड़कों के साथ सब्जी मंडी के आसपास की सड़कों पर भी जाम की समस्या देखने को मिल रही है।

स्थानीय निवासी महेंद्र के मुताबिक राज्य को बने 21 वर्ष हो चुके है बावजूद इसके शहर में पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस मामले में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि शहर में जाम लगने के कारण ग्राहक काशीपुर, नैनीताल व किच्छा हाइवे पर बने मॉल्स का रुख कर रहे हैं। साथ ही सार्वजनिक पार्किंग न होने के कारण भी लोग बाजार में आने से कतरा रहे हैं। कहा कि पूर्व में कोरोना महामारी, लॉकडाउन और अब हाल ही में आपदा की मार झेलने वाले व्यापारियों को निगम की लापरवाही के कारण एक बार फिर नुकसान झेलना पड़ सकता है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.