Friday, September 4, 2026

डॉ. अरविंद गोयल ने गरीबों के लिए दान की 600 करोड़ की संपत्ति

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। मुरादाबाद के उद्योगपति डॉ. अरविंद कुमार गोयल ने अपनी 50 साल की मेहनत से एकत्र की 600 करोड़ रुपये की संपत्ति गरीबों के लिए दान कर दी है। उन्होंने अपने पास केवल सिविल लाइंस स्थित कोठी रखी है।

डॉ. गोयल ने यह दान उ.प्र. सरकार को दिया है। जिससे जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जा सके। डॉ. गोयल यूपी, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में 100 से ज्यादा शिक्षण संस्थानों, वृद्धा आश्रम और अस्पताल में ट्रस्टी हैं। कोरोना काल में उन्होंने मुरादाबाद के 50 गांवों को गोद लेकर लोगों को मुफ्त खाना और दवा मुहैया करवाया था।

डॉ. अरविंद गोयल के परिवार में उनकी पत्नी रेनू, दो बेटे और एक बेटी है। उनके बड़े बेटे मधुर गोयल मुंबई में रहते हैं तथा छोटे बेटे शुभम प्रकाश गोयल मुरादाबाद में रहकर बिजनेस में अपने पिता का हाथ बंटाते हैं। उनकी बेटी शादी के बाद से बरेली में रहती है। उनके बच्चों और पत्नी ने उनके इस फैसले का स्वागत किया है। डॉ. अरविंद गोयल ने सोमवार की रात्रि को संपत्ति दान करने का ऐलान करते हुए कहा कि 25 साल पहले ही मैंने अपनी संपत्ति दान करने की ठान ली थी।

उन्होंने अपने साथ घटी एक घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ‘दिसंबर का महीना था। मैं जैसे ही ट्रेन में सवार हुआ। सामने एक गरीब आदमी ठंड से ठिठुरता नजर आया। उसके पास न चादर थी न पैरों में चप्पल। उस आदमी को देखकर मुझसे रहा नहीं गया। मैंने अपने जूते उतारकर उसे दे दिए। कुछ देर मैंने सहन किया। लेकिन कड़ाके की ठंड होने की वजह से मेरी भी हालत खराब होने लगी।’

डॉ. गोयल ने बताया कि ‘उस दिन मैंने सोचा कि इसकी तरह कितने लोग ठिठुरते होंगे। तभी से मैंने गरीबों और बेसहारा की मदद करना शुरू किया। अब मैंने काफी तरक्की की है। जीवन का कोई भरोसा नहीं है। इसलिए जीवित रहते अपनी संपत्ति सही हाथों में सौंप दी। ताकि यह अनाथ, गरीब और बेसहारा लोगों के काम आ सकेगी। मैंने अपनी संपत्ति दान करने के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिख दिया है। वह आगे की कार्रवाई करेगा।’

बता दें कि डॉ. गोयल की संपत्ति को सही कीमत पर बेचने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी। इसमें तीन सदस्य गोयल खुद नामित करेंगे। बाकी दो सरकार की ओर से नामित होंगे। संपत्ति बेचकर मिले पैसों से अनाथ और बेसहारा लोगों के लिए फ्री शिक्षा और इलाज की व्यवस्था की जाएगी।

विदित हो कि डॉ. अरविंद गोयल का जन्म मुरादाबाद में हुआ था। उनके पिता प्रमोद कुमार और मां शकुंतला देवी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उनके जीजा सुशील चंद्रा देश के मुख्य चुनाव आयुक्त रह चुके हैं। वे पहले केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के चेयरमैन भी रह चुके हैं। उनके दामाद आर्मी में कर्नल और ससुर जज थे।

डॉ. गोयल को गरीबों की मदद को लेकर कई बार सम्मानित किया जा चुका है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम उनको सम्मानित कर चुके हैं।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.