भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक शुष्क मौसम के बीच ठंड बढ़ने लगी है। मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में पिछले डेढ़ माह से बारिश न होने के चलते मौसम शुष्क बना हुआ है। जिसके चलते सूखी ठंड के साथ धुंध – कोहरे का सामना भी करना पड़ रहा है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज शनिवार 16 नवंबर 2024 को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। पर्वतीय जनपदों में आंशिक बादल के साथ ही सुबह-शाम सर्द हवाएं और दिन में धूप खिलने की संभावना है, वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले सहित मैदानी क्षेत्रों में सुबह शाम कोहरे को लेकर अलर्ट है जबकि दिन में धूप खिलने से राहत रहेगी।
फिलहाल शुष्क रहेगा मौसम: डा विक्रम सिंह
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर विक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं। अगले एक सप्ताह बारिश होने की कोई उम्मीद नहीं है। अगले तीन दिनों तक मैदानी क्षेत्र में सुबह- शाम कोहरा छा सकता है जिसको लेकर येलो चेतावनी भी जारी की गई है।




