भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में बिजली चोरी रोकने के लिए छापेमारी को पहुंची ऊर्जा निगम की टीम को लोगों ने बंधक बनाकर लात-घूसों से पीट डाला। उनके दस्तावेज भी छीनकर फाड़ दिए गए। पुलिस ने 20 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बुधवार रात जेई फैजल अन्य कर्मचारियों के साथ हरिद्वार के पिरान कलियर स्थित महमूदपुर गांव में बिजली चोरी की सूचना पर छापेमारी को पहुंचे हुए थे। कनेक्शन कटने के बावजूद एक उपभोक्ता चोरी की बिजली से घर रोशन कर रहा था। इस पर ऊर्जा निगम की टीम ने केबल आदि को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसी बीच भीड़ ने ऊर्जा निगम की टीम पर हमला कर दिया। आरोपियों ने टीम को बंधक बनाते हुए उसके साथ जमकर मारपीट की। इससे मेौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। बमुश्किल टीम अपनी जान बचाने में कामयाब रही।
जेई ने सौंपी तहरीर
जेई गोपाल सैनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह बुधवार रात जेई फैजल और अन्य कर्मचारियों के साथ महमूदपुर गांव में बिजली चोरी की सूचना पर पहुंचे थे। केबल काटने पर तमाम लोग मौक पर पहुंच गए थे। आरोपियों ने सरकारी दस्तावेज फाड़ते हुए टीम के साथ मारपीट की।
20 पर केस, फरार
तहरीर के आधार पर पुलिस ने महमूदपुर निवासी दानिश और शाहरुख के अलावा 20 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। कलियर थाना प्रभारी रविन्द्र शाह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी फरार चल रहे हैं।




