Friday, September 4, 2026

घोषणा पत्र में मोहन खेड़ा ने जनता से किये नौ वायदे, भाजपा के तीनों इंजन फेलः प्रकाश जोशी

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी मोहन खेड़ा ने सोमवार को पार्टी चुनाव कार्यालय में घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने अपने घोषणा पत्र में नौ वायदे किये हैं। उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं को पूरा करके रूद्रपुर की दशा और दिशा बदलने का काम किया जायेगा।

मेयर प्रत्याशी मोहन खेड़ा ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि शहर में नजूल या दानपात्र की जमीन पर बैठे लोगों को मालिकाना हक दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी। उनका प्रयास रहेगा कि इन सभी को निःशुल्क मालिकाना हक मिले। नगर निगम क्षेत्र में कहीं भी स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। नगर निगम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नगर निगम में कम से कम पांच सौ कर्मचारी भर्ती किये जायेंगे। शहर के हरा भरा बनाने के लिए सभी वार्डों मे ंवृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जायेगा। रूद्रपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ही शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जायेगी। शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पार्किग की स्थाई व्यवस्था होगी। हाईवे की जगह को घेरकर बनायी गयी पार्किंग को हटाकर श्हर में उचित स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी। ऐतिहासिक गांधी पार्क को खुर्द बुर्द नहीं होने दिया जायेगा। इसका सौंदर्यीकरण किया जायेगा। शहर में कूडा निस्तारण के लिए प्रभावी योजना बनायी जायेगी। कल्याणी नदी को पुनर्जीवित किया जायेगा। उसमें सुरक्षा दीवार बनाई जायेगी ताकि निचले इलाकों में बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या ना हो। शहर में जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान किया जायेगा। हर वार्ड में शुभ शौचालय, पार्क और ओपन जिम की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही रम्पुरा में बंटी कोली के नाम से स्मृति द्वार बनाया जायेगा।

लोकसभा का चुनाव लड़ चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश जोशी ने कहा कि प्रदेश में आठ वर्षों से भाजपा की सरकार है। आठ सालों में भाजपा ने तीन मुख्यमंत्री बदले सबने जनता को धोखा दिया। हर मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार में अपने ही मुख्यमंत्रियों के रिकार्ड तोड़ने का काम किया। आज प्रदेश में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। बेरोजगारी की वजह से युवा नशे की गिरफ्त में है। सरकार चुनाव कराने से डर रही थी। चुनाव टाले जा रहे थे। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद इन्हें चुनाव कराने पड़े। प्रकाश जोशी ने कहा कि पूरे प्रदेश में जनता भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुकी है। सरकार को जनता जवाब देने जा रही है। ये चुनाव सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है, इसके बाद जिला पंचायत और उसके बाद विधानसभा चुनाव में भी भाजपा का सफाया होगा। प्रकाश जोशी ने कहा कि इस चुनाव में पूरा कांग्रेस परिवार एकजुट होकर दमखम से चुनाव लड़ रहा है। सभी अपनी अपनी क्षमता से कांग्रेस के लिए काम कर रहे है। श्री जोशी ने कहा कि हमने पहले भी सवाल पूछे थे लेकिन सांसद जवाब नहीं दे पा रहे थे। ये कहते हैं कि हमारे पास तीन इंजन है। लेकिन वास्तव में तीनों इंजन फेल हैं। इन तीनों इंजनों को पटरी से उतारने की शुरूआत निकाय चुनाव से होने जा रही है।

जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि हमने लगातार जनता के हितों की आवाज उठाई हैं, लेकिन भाजपा के जनप्रतिनिधि हमेशा जनता को बेवकूफ बनाने का काम करते आये हैं। नजूल के मुद्दे पर इन्होंने हमेशा घटिया राजनीति की है। जनता से झूठ बोलकर वोट लेते रहे हैं लेकिन आज तक नजूल की समस्या का समाधान नहीं हुआ है। नजूल की समस्या का समाधान करने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत नजूल नीति लेकर आये थे लेकिन भाजपा जब सत्ता में आई तो इस नीति को ही बदल दिया। आज कांग्रेस सत्ता में होती तो नजूल भूमि पर बसे सभी लोगों के पास मालिकाना हक होता। उन्होंने कहा कि आज रूद्रपुर में जो खुशहाली है वो कांग्रेस की वजह से है। भाजपा के पास कोई विजन नहीं हैं। दस साल तक भाजपा के मेयर ने कुछ काम नहीं किया। निवर्तमान मेयर रामपाल ने शहर के लिए कुछ काम किया होता तो वह चुनाव में छुपे हुए नहीं होते। आज वह जनता से मुंह छुपा रहे हैं। पांच साल तक उन्होंने कुर्सी पर ना बैठने का ड्रामा किया। गावा ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार रूद्रपुर शहर को विकास में तीस साल पीछे धकेल दिया है। यहां पर इन्होंने सिर्फ धर्म की राजनीति की है, जिसके चलते आज शहर विकास में पीछे हो गया है। गावा ने दावा किया कि 25 जनवरी को कांग्रेस का मेयर बनेगा और 25 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद जीतकर आयेंगे।

महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से मुद्दों की राजनीति करती आयी है। हमने हमेशा मुद्दों पर काम किया है। शहर की जो भी प्रमुख समस्याएं हैं उनको लेकर समय समय पर लगातार आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र शहर का मजबूत विकल्प है। यह कांग्रेस का विजन है। घोषणा पत्र में जो भी वायदे किये गये हैं, वह शहर के हर व्यक्ति को प्रभावित करने वाले हैं। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि जनता हमें भरपूर समर्थन दे रही है। हम जीत के द्वार पर खड़े हैं।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सौरभ चिलाना ने कहा कि भाजपा इस चुनाव मे सरकारी मशीनरी का खुला दुरूपयोग कर रही है। धनलबल का सहारा लेकर आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डरा धमकार लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और इस बार रूद्रपुर नगर निगम से भ्रष्टाचारियों को बाहर का रास्ता दिखायेगी। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्षा मीना शर्मा, पूर्व दर्जा मंत्री हरीश पनेरू, विजय यादव, ममता रानी, संदीप चीमा, योगेश चौहान आदि भी मौजूद थे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.