भोंपूराम खबरी। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिये आ रहे दिल्ली के श्रद्धालुओं की कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। साथ ही एक युवक घायल भी हो गया। हादसा आज सुबह 6 बजे दिल्ली हरिद्वार हाईवे पर हुआ। पुलिस के मुताबिक बवाना दिल्ली निवासी मनजीत, नीतू और अंशु अपनी आई-20 कार से हरिद्वार जल लेने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 6 बजे जैसे ही इनकी कार हाईवे पर ढंढेरी ख्वाजगीपुर स्थित एक ढाबे के पास पहुंची तो अचानक ही कार आगे जा रहे एक ट्रक में घुस गई। हादसे में मनजीत और नीतू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों और घायल को कार से निकाला। गंभीर रूप से घायल अंशु को सिविल हॉस्पिटल भर्ती कराया गया है। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।




