भोंपूराम खबरी,सितारगंज। अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर फरार पति को पुलिस ने पुराने चिका घाट पुल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया है। जिसमें सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में ट्यूबेल पर महिला की लाश मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। सूचना पर सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। सीओ ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपी पति अपनी पत्नी पर शक करता था। शक में ही उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम बरौनी लामाखेड़ा में ग्रामीण परमजीत सिंह अपनी पत्नी जसवीर कौर को ट्यूबवेल पर नहाने के बहाने से ले गया। जिसके बाद परमजीत घर लौट आया। लेकिन पत्नी जसवीर कौर नहीं लौटी। बच्चों ने पूछा मम्मी कहां है, तो उसने कहा कि मम्मी कहीं चली गई उसकी खोजबीन की तो वह खेत में मृत अवस्था में मिली। मृतक के भाई लखीमपुर खीरी निवासी प्रेम सिंह ने बताया कि उसकी बहन जसवीर कौर की शादी 2007 में हुई थी। आरोप लगाया परमजीत आए दिन उसे प्रताड़ित करता था और उस पर शक करता था।
शनिवार की शाम उसे नहाने के बहाने ट्यूबवेल पर ले गया अपने साथियों के साथ जसबीर की हत्या कर दी। रात में उसके भांजे दिलबाग सिंह व इंद्रजीत ने फोन पर घटना की जानकारी दी। बताया कि मां के घर नहीं लौटने पर बेटा दिलबाग सिंह अपने मौसा के पास पहुंचा और जसवीर कौर खेत में मृत अवस्था में मिली। मौत की सूचना पर पिता भगवान सिंह और अन्य लोगों के साथ बरौनी खेड़ा गांव पहुंचे। प्रेम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी परमजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
सोमवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुराने चिका घाट पुल से परमजीत को गिरफ्तार किया। परमजीत ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि दोनों पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था तथा उसने कहा कि उसे अपनी पत्नी के चाल चलन पर काफी समय से शक होने के कारण 28 तारीख को शाम को नहाने के लिए खेत में पहुंचा, जहां उन दोनों का झगड़ा हुआ, यहां उसने मौका पाकर अपने पास रखे कपड़े परना से गला घोट कर जसवीर कौर की हत्या कर दी। घटनास्थल से प्रयुक्त कपड़े परना को भी पुलिस ने बरामद किया।
इस संबंध में परमजीत को धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। टीम में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, बृजपाल वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरविंदर कुमार, प्रभारी चौकी सरकड़ा विक्रम सिंह धामी, सोनिका जोशी, जितेंद्र कुमार, सुरेंद्र यादव, अशोक बोरा, मनोज जोशी आदि थे।




