Friday, September 4, 2026

कोसी नदी में दो युवकों की डूबकर हुई मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,अल्मोड़ा। कोसी नदी में गहराई का सही अंदाजा न होने से दो जिंदगियां खत्म हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की सांसे थम गई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिए है। जान गंवाने वाले दो युवकों में एक युवक की शादी एक सप्ताह पहले ही हुई थी।

पहाड़ पर कई ऐसी जगहें हैं जहां पर नदी के जलस्तर का पता नहीं चल पाता है। कई बार पर्यटक या दूर गांव से आए युवा जोश में छलांग लगा देते हैं और जान दांव पर लगा देते हैं। रविवार को कुछ ऐसा ही कोसी नदी में हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को 6 युवक कौसानी के रुद्रधारी मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। मंदिर में दर्शन के बाद सभी युवक रनमन, सोमेश्वर के पास नहाने के लिए कोसी नदी में चले गए। गहराई का सही अंदाजा न होने से दो युवक डूबते चले गए। दोनों के डूबने से चीख पुकार मच गई। साथ आए अन्य युवाओं ने उन्हें बचाने के लिए की कोशिश की लेकिन डूबते युवको को नहीं बचा सके।

सूचना के बाद सोमेश्वर थाना पुलिस व स्थानीय लोग घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने किसी तरह शवों को नदी से बाहर निकाला। दोनों को उप जिला चिकित्सालय, सोमेश्वर में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान पंकज रौतेला 25 पुत्र श्याम सिंह रौतेला व धीरज रौतेला 26 पुत्र देवेंद्र रौतेला के रूप में हुई है। दोनों विजयपुर, द्वाराहाट के निवासी है।

थानाध्यक्ष सोमेश्वर कश्मीर सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को मामले की सूचना दे दी गई है। पंचायतनाम की कार्यवाही पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।

मातम में बदली खुशियां

बताया जा रहा है कि जान गंवाने वाले पंकज रौतेला की शादी एक हफ्ते पहले यानि 8 जून को हुई थी। पंकज के पिता सेना से रिटायर्ड हैं तथा उसका एक छोटा भाई है। विवाह के एक सप्ताह में ही घर की खुशियां मातम में बदल गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.