Saturday, September 5, 2026

कुमाऊँ में महिला उद्यमिता को नई उड़ान: साक्षी छाबड़ा के नेतृत्व में FICCI FLO का विस्तार तेज

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। FICCI Ladies Organisation (फिक्की फ्लो) उत्तराखंड चैप्टर ने कुमाऊँ मंडल में अपने विस्तार को नई गति देते हुए श्रीमती साक्षी छाबड़ा को कुमाऊँ रीजन की प्रमुख जिम्मेदारी सौंपते हुए सदस्यता अभियान और ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन रुद्रपुर के रेडिसन ब्लू होटल में किया। उनके नेतृत्व में आयोजित इस पहल ने क्षेत्र की महिलाओं में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को लेकर नई ऊर्जा भर दी है।

कार्यक्रम में 40 से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया गया, जहां उन्हें व्यवसाय, कौशल विकास और नेटवर्किंग के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। श्रीमती साक्षी छाबड़ा, जो उत्तराखंड फिक्की फ्लो की संस्थापक सदस्यों में शामिल हैं, ने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि कुमाऊँ की अधिक से अधिक महिलाएं इस मंच से जुड़ें और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें। सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।”

उत्तराखंड चैप्टर की चेयरपर्सन श्रीमती तृप्ति बहल ने कहा, “फिक्की फ्लो केवल एक संगठन नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए एक सशक्त मंच है, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर देता है। कुमाऊँ में यह पहल हमारी व्यापक सोच का हिस्सा है।”

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में श्रीमती शिल्पी अरोड़ा द्वारा उत्तराखंड चैप्टर की स्थापना की गई थी, जिसके बाद से संगठन लगातार महिलाओं को जोड़ने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में कार्यरत है। गढ़वाल क्षेत्र की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बाद अब कुमाऊँ में भी संगठन अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने लिए “नई संभावनाओं का द्वार” बताया। आने वाले समय में रुद्रपुर सहित कुमाऊँ के अन्य शहरों में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को व्यवसाय, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.